बिंदकी, फतेहपुर। मलवां विकासखंड के रेवाड़ी बुजुर्ग स्थित सब्जी मंडी में नवयुवक जागरण मंच के रजत जयंती महोत्सव के तहत चल रहे नौ दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा एवं रामलीला महोत्सव में शुक्रवार की रात वनवासी लीला का मनोहारी मंचन किया गया। भगवान श्रीराम और अंगद की भेंट के प्रसंग ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
कलाकारों के प्रभावशाली अभिनय और सजीव संवादों से रामायण का प्रसंग मंच पर जीवंत हो उठा। पूरा पंडाल जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। वनवासी लीला में भगवान श्रीराम के आदर्शों, धर्म के प्रति निष्ठा और समर्पण को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।
इससे पूर्व श्री शिव महापुराण कथा में कथा व्यास स्वामी आत्मानंद गिरि जी महाराज ने भगवान शिव और माता पार्वती के दिव्य विवाह प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया। इस दौरान स्वामी मनोजानंद जी महाराज (गोल्डन बाबा) और भाजपा के वरिष्ठ नेता संतोष तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने कथा व्यास से आशीर्वाद लिया और कथा का श्रवण किया।
कथा के दौरान हर-हर महादेव के जयघोष से पंडाल गूंज उठा। कार्यक्रम में डॉ. प्रशांत पांडेय, दारा पटेल, प्रधान रवि मिश्रा, पीयूष दीक्षित, अजीत सैनी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
News Wani
