फतेहपुर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दे रहे प्रदर्शनकारियों के साथ मारपीट, गिरफ्तारी और मीडिया कर्मियों के साथ किए गए दुर्व्यवहार के विरोध में गुलाबी गैंग ने आक्रोश जताया। संगठन ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर पूरे मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मंगलवार को गुलाबी गैंग के कार्यकर्ताओं ने जिला कमांडर चमेली प्रजापति के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचकर चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) पर वोट चोरी का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दे रहे युवाओं के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई को गलत बताते हुए आरोप लगाया कि बाहरी लोगों के साथ मिलकर प्रदर्शनकारियों के साथ मारपीट की गई और शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों को गिरफ्तार किया गया। प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और मीडिया कवरेज कर रहे अन्य लोगों के साथ अभद्रता किए जाने की भी निंदा की गई। संगठन ने इसे लोकतंत्र पर हमला बताया।
प्रदर्शन को धार देने के लिए जिले में पहुंचीं गुलाबी गैंग की राष्ट्रीय कमांडर संपत पाल ने कहा कि लोगों को उनके मताधिकार से वंचित करने और वोट चोरी करने के आरोप गंभीर हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर अपने पद का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की।
संपत पाल ने केंद्र सरकार पर भी मिलीभगत का आरोप लगाया और कहा कि जनता के साथ अन्याय करने वालों को जवाब देना होगा। राष्ट्रपति को भेजे गए ज्ञापन में पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने, पत्रकारों को स्वतंत्र रूप से अपना कार्य करने देने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की गई। इस दौरान गुलाबी गैंग की बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
चमेली प्रजापति बनीं गुलाबी गैंग की जिला कमांडर
फतेहपुर। महिलाओं के अधिकारों के लिए लंबे समय से संघर्ष कर रहे संगठन गुलाबी गैंग की राष्ट्रीय कमांडर संपत पाल ने जिले में महिलाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने के लिए संगठन की पुरानी कार्यकर्ता चमेली प्रजापति को जिला कमांडर की जिम्मेदारी सौंपी है।
शहर के राधानगर निवासी चमेली प्रजापति ने बताया कि वह वर्ष 2013 से संगठन से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं और आम जनता की समस्याओं को लेकर संगठन लगातार आवाज उठाता रहा है। प्रदर्शन और संघर्ष के माध्यम से लोगों को उनके अधिकार दिलाने का प्रयास किया जाता रहा है।
चमेली प्रजापति ने कहा कि संगठन के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा के साथ निभाने का प्रयास करेंगी। उनके जिला कमांडर बनाए जाने पर संगठन की महिलाओं ने खुशी जाहिर की।
News Wani
