खागा (फतेहपुर)। किशनपुर थाना क्षेत्र के नरैनी चौराहे पर असोथर रोड स्थित धनवंतरी क्लीनिक के संचालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि क्लीनिक बिना पंजीकरण के कई वर्षों से संचालित हो रहा है। यहां चार-पांच बेड लगाकर मरीजों को भर्ती करने के साथ ग्लूकोज, इंजेक्शन और दवाइयां दी जा रही हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्लीनिक में न तो पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं और न ही साफ-सफाई एवं संक्रमण नियंत्रण के उचित इंतजाम हैं। लोगों का कहना है कि बिना मान्यता और योग्य चिकित्सकों की उपलब्धता के मरीजों का उपचार किया जाना उनकी सेहत के साथ खिलवाड़ है।
इस मामले को लेकर क्षेत्रीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।
उधर, एसीएमओ ने बताया कि क्लीनिक के अवैध संचालन की जानकारी मिली है। जल्द ही टीम के साथ मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया जाएगा। जांच में आरोप सही पाए जाने पर क्लीनिक संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
News Wani
