भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को जोरदार बिकवाली देखने को मिली। सेंसेक्स करीब 1000 अंक या 1.30% गिरकर 72,900 के नीचे कारोबार करता नजर आया। वहीं निफ्टी में करीब 300 अंक यानी 1.30% की गिरावट दर्ज की गई और यह 22,850 के आसपास रहा। बैंकिंग और FMCG कंपनियों के शेयरों में खास दबाव देखने को मिला।
निवेशकों की संपत्ति में 6 लाख करोड़ की कमी
बाजार में तेज बिकवाली के चलते निवेशकों की संपत्ति में करीब 6 लाख करोड़ रुपए की कमी आई। पिछले कारोबारी सत्र के अंत में BSE में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल मार्केट कैप लगभग 482 लाख करोड़ रुपए था, जो गिरावट के बाद करीब 476 लाख करोड़ रुपए रह गया।
बाजार में गिरावट की प्रमुख वजहें
अमेरिका-ईरान तनाव: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने के संकेत नहीं मिलने से वैश्विक बाजारों पर दबाव बना हुआ है। इसके अलावा रूस-यूक्रेन तनाव बढ़ने की खबरों ने भी निवेशकों की चिंता बढ़ाई है।
कच्चे तेल की कीमतों में तेजी: ब्रेंट क्रूड की कीमत करीब 107 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई। ईरान-अमेरिका तनाव और होर्मुज स्ट्रेट से तेल आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ी है। महंगा कच्चा तेल भारत के लिए चुनौती बन सकता है, क्योंकि इससे आयात लागत और महंगाई पर दबाव बढ़ने के साथ रुपए पर भी असर पड़ सकता है।
अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी: अमेरिकी 10 साल की ट्रेजरी यील्ड बढ़कर 5.11% तक पहुंच गई। ऊंची बॉन्ड यील्ड के कारण डॉलर आधारित निवेश अधिक आकर्षक हो सकता है और इससे उभरते बाजारों से विदेशी पूंजी निकलने का दबाव बढ़ सकता है।
विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली
विदेशी निवेशकों ने पिछले 7 दिनों में भारतीय शेयर बाजार से करीब 7,796 करोड़ रुपए की निकासी की है। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों ने इसी अवधि में करीब 13,601 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे।
एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख
सोमवार को एशियाई बाजारों में भी मिला-जुला कारोबार देखने को मिला। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 2.48% गिरा, जबकि जापान के निक्केई में मामूली गिरावट रही। दूसरी ओर हांगकांग का हैंगसेंग करीब 0.70% की बढ़त में रहा।
दो नए IPO में निवेश का मौका
सोमवार से SRIT इंडिया और शेयर ब्रोकिंग फर्म शाह इन्वेस्टर्स होम के IPO निवेश के लिए खुले हैं। SRIT इंडिया IPO से 218 करोड़ रुपए और शाह इन्वेस्टर्स होम IPO से 90.17 करोड़ रुपए जुटाने की योजना है। दोनों इश्यू में 30 सितंबर तक बोली लगाई जा सकेगी।
पिछले सप्ताह भी बाजार में रही थी कमजोरी
25 सितंबर को समाप्त हुए कारोबारी सप्ताह में निफ्टी करीब 206 अंक यानी 0.9% गिरकर 23,141 पर बंद हुआ था। वहीं सेंसेक्स करीब 400 अंक या 0.5% टूटकर 73,896 के स्तर पर बंद हुआ था।
News Wani
