Breaking News

देशभर में बारिश-बाढ़ से बिगड़े हालात: उत्तराखंड में बर्फबारी में 136 लोग फंसे, यूपी में नदियां उफनीं; बिहार के 23 गांव प्रभावित

उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में लगातार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। उत्तराखंड में बर्फबारी और लैंडस्लाइड के चलते 86 सड़कें बंद हैं, जबकि उत्तरकाशी के ऊंचाई वाले इलाकों में 136 पर्वतारोही, ट्रैकर और सपोर्ट स्टाफ फंसे हुए हैं। इनके रेस्क्यू के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

उत्तराखंड के केदारनाथ मार्ग पर चिरबासा के पास लैंडस्लाइड के बाद फंसे करीब 1,500 श्रद्धालुओं को SDRF, NDRF और DDRF की संयुक्त टीमों ने सुरक्षित बाहर निकाला। श्रद्धालुओं को मलबे वाले रास्ते से गौरीकुंड पहुंचाया गया।

यूपी में नदियां उफान पर, कई इलाकों में जलभराव

उत्तर प्रदेश में चार दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। प्रदेश की 8 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। गोंडा और बदायूं में छोटे पुलों के ऊपर से पानी बह रहा है।

कुशीनगर के दो गांवों में करीब 1,400 परिवार बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। इनमें लगभग 600 परिवारों को घर छोड़कर तटबंध पर रहने की स्थिति बनी है। कानपुर और लखनऊ समेत कई शहरों में भी जलभराव की स्थिति सामने आई है। कई इलाकों में राहत और बचाव दल सक्रिय हैं।

बिहार में नेपाल से पानी छोड़े जाने के बाद बाढ़

नेपाल से गंडक नदी में बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के बाद बिहार के पश्चिम चंपारण और सुपौल जिलों के 23 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। करीब 82 हजार लोगों के प्रभावित होने की जानकारी है।

नेपाल के देवघाट गेज स्टेशन से 6.52 लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़े जाने की जानकारी दी गई है। यह आंकड़ा पिछले कई वर्षों के रिकॉर्ड से अधिक बताया गया है।

छत्तीसगढ़ में IAF ने 12 लोगों को बचाया

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा के पास इंद्रावती नदी में बाढ़ के कारण फंसे 12 लोगों को भारतीय वायुसेना ने हेलिकॉप्टर की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला। ये लोग डोंगाघाट गांव के पास नदी किनारे बनी कच्ची झोपड़ी की छत पर फंसे थे।

बाढ़ का पानी बढ़ने के कारण छत गिरने का खतरा था। इसके बाद एक गरुड़ कमांडो को वहां उतारकर लोगों को सुरक्षित हेलिकॉप्टर तक पहुंचाया गया।

हिमाचल और राजस्थान में भी बारिश का असर

हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। किन्नौर के कल्पा में अधिकतम तापमान सामान्य से 12.1 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया।

राजस्थान के 13 जिलों में तेज हवा और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। श्रीगंगानगर में सुबह आंधी के साथ बूंदाबांदी हुई।

मध्य प्रदेश के कई संभागों में भी पिछले तीन दिनों से बारिश का दौर जारी है। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में प्रदेश में भारी बारिश की संभावना नहीं है।

About NW-Editor

Check Also

देश के कई राज्यों में मौसम का कहर: सिक्किम में लैंडस्लाइड से 20 से ज्यादा घर बहे, ओडिशा में 10 हजार लोग सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए

देश के कई हिस्सों में बारिश और खराब मौसम का असर देखने को मिल रहा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *