Breaking News

देशभर में भारी बारिश से बिगड़े हालात, केदारनाथ मार्ग पर लैंडस्लाइड से 4000 हजार यात्री फंसे

देश के कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। उत्तराखंड में केदारनाथ यात्रा मार्ग पर लैंडस्लाइड होने से करीब 4 हजार श्रद्धालुओं के फंसे होने की जानकारी सामने आई है। पहाड़ी से लगातार मलबा गिरने के कारण रास्ता खोलने में परेशानी हो रही है। खराब मौसम को देखते हुए केदारनाथ यात्रा पर रोक लगा दी गई है और हेली सेवाएं भी बंद हैं।

उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून, टिहरी, हरिद्वार और पौड़ी में रेड अलर्ट है, जबकि उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल और रुद्रप्रयाग में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ में यलो अलर्ट है। उत्तरकाशी के सीमांत इलाकों में भारी बर्फबारी भी दर्ज की गई है।

उत्तर प्रदेश में बारिश से हालात बिगड़े

उत्तर प्रदेश के लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, बाराबंकी, अयोध्या और जौनपुर समेत करीब 45 शहरों में लगातार बारिश का दौर जारी है। कई इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं। प्रदेश के 22 जिलों में अचानक बाढ़ का खतरा बताया गया है।

लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण कई जगह पेड़ और बिजली के पोल गिर गए हैं। खेतों में खड़ी फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है, जिससे घाटों की सीढ़ियां पानी में डूब गई हैं।

बिहार में कोसी-गंडक का जलस्तर बढ़ा

बिहार में पिछले करीब 72 घंटे से बारिश का असर बना हुआ है। नेपाल के तराई क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण कोसी और गंडक नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है।

सुपौल जिले के करीब 50 गांव बाढ़ की चपेट में बताए जा रहे हैं। कई घरों के आसपास पानी जमा हो गया है और ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

हिमाचल में ऊंची चोटियों पर बर्फबारी

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में मौसम बदलने के बाद ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई है। पूह के कुन्नू और छितकुल में बर्फ की सफेद चादर दिखाई दी। शिमला समेत कई इलाकों में भी बारिश दर्ज की गई है।

आने वाले दिनों में भी बारिश का दौर

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 28 और 29 सितंबर को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है। कर्नाटक में 29 सितंबर को ऑरेंज अलर्ट जबकि कई अन्य राज्यों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

About NW-Editor

Check Also

चार राज्यों की 6 सीटों पर मतदान, बंगाल में सियासी घमासान; पुलिस कार्रवाई से बढ़ा विवाद

पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी की छह विधानसभा और लोकसभा सीटों पर मंगलवार को …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *