नई दिल्ली। बैंक ग्राहकों के लिए आज का दिन अहम है। रविवार की छुट्टी होने के बावजूद देश के सरकारी बैंक खुले हैं, ताकि ग्राहक जरूरी बैंकिंग काम निपटा सकें। बैंक शाखाओं में कैश जमा करने, चेक जमा कराने और अन्य जरूरी कामों के लिए लोग पहुंच रहे हैं।
सोमवार से लगातार तीन दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। बैंक कर्मचारी संगठनों ने सप्ताह में पांच दिन काम लागू करने समेत कई मांगों को लेकर हड़ताल का ऐलान किया है। ऐसे में जिन ग्राहकों का बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम लंबित है, वे आज ही उसे पूरा कर सकते हैं।
10 साल बाद रविवार को खुले सरकारी बैंक
आम ग्राहकों के लिए रविवार को सरकारी बैंक खुले रहने का ऐसा मौका करीब 10 साल बाद आया है। इससे पहले 2016 में नोटबंदी के दौरान रविवार को बैंक शाखाएं खोली गई थीं। उस समय पुराने 500 और 1000 रुपये के नोट जमा करने और बदलने के लिए बैंकों में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे।
इस बार बैंक खुलने का मुख्य कारण प्रस्तावित बैंक हड़ताल से पहले ग्राहकों को जरूरी सेवाएं उपलब्ध कराना है।
हड़ताल से बैंकिंग सेवाओं पर पड़ेगा असर
बैंक कर्मचारी संगठनों ने हफ्ते में पांच दिन काम की व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है। यूनियनों का कहना है कि जब तक सरकार पांच-दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की स्पष्ट तारीख तय नहीं करती, तब तक मांग को लेकर दबाव बनाया जाता रहेगा।
हड़ताल में कई प्रमुख बैंक कर्मचारी संगठनों के शामिल होने की बात कही गई है। इससे बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित होने की संभावना है।
ATM से कैश निकालने पर क्या असर होगा?
हड़ताल के दौरान ATM सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की उम्मीद है। ATM से नकद निकासी पर सामान्य बैंकिंग नियम लागू रहेंगे।
RBI के मौजूदा नियमों के तहत ग्राहक अपने बैंक के ATM से हर महीने निर्धारित संख्या में मुफ्त कैश ट्रांजेक्शन कर सकते हैं। दूसरे बैंक के ATM के लिए महानगरों और अन्य शहरों में अलग-अलग मुफ्त ट्रांजेक्शन सीमा लागू है। निर्धारित सीमा से ज्यादा बार ATM इस्तेमाल करने पर शुल्क देना पड़ सकता है।
5-डे वर्किंग को लेकर सरकार और यूनियन आमने-सामने
बैंक कर्मचारियों की पांच दिन काम करने की मांग लंबे समय से चर्चा में है। रिपोर्टों के मुताबिक, सरकार की ओर से इस व्यवस्था को लागू करने की कोई निश्चित तारीख तय नहीं की गई है। वहीं कर्मचारी संगठन इस मांग को लेकर लगातार दबाव बना रहे हैं।
यूनियनों और बैंक प्रबंधन के बीच कर्मचारियों के प्रदर्शन आधारित इंसेंटिव (PLI) समेत कुछ अन्य मुद्दों को लेकर भी मतभेद बताए जा रहे हैं।
ग्राहकों के लिए जरूरी सलाह
अगर आपको बैंक शाखा में कैश जमा करना, चेक जमा करना, KYC या कोई अन्य जरूरी काम करना है, तो बैंक बंद रहने से पहले उसे निपटा लेना बेहतर रहेगा। डिजिटल बैंकिंग, UPI और ATM जैसी सेवाओं का इस्तेमाल जरूरत के अनुसार किया जा सकता है।
News Wani
