महोबा। पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह के निर्देशन में जनपद में आयोजित होने वाले मेलों एवं सार्वजनिक आयोजनों में सुरक्षा व कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए महोबा पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) वंदना सिंह ने थाना कुलपहाड़ क्षेत्र में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध कुलपहाड़ जल विहार मेले का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एएसपी वंदना सिंह के साथ प्रभारी निरीक्षक कुलपहाड़ अवधेश मिश्रा और मेला प्रभारी उपनिरीक्षक विकास तिवारी उपस्थित रहे। एएसपी ने मेला मैदान का भ्रमण कर श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुरक्षा, सुगम आवागमन और भीड़ प्रबंधन को लेकर संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके साथ ही उन्होंने मेले में स्थापित अस्थायी पुलिस चौकी और कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देशित किया कि कंट्रोल रूम के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र की गतिविधियों पर 24 घंटे सतर्क दृष्टि रखी जाए, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित कार्रवाई और सहायता सुनिश्चित की जा सके।
एएसपी ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, संदिग्ध व्यक्तियों व गतिविधियों पर पैनी नजर रखने और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए। महोबा पुलिस का कहना है कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पर्याप्त पुलिस प्रबंध किए गए हैं।

News Wani