महोबा। जिले मे दो दिन से लगातार हो रही झमाझम बारिश के चलते सड़कें तालाब बन गई, और मैदान टापू नजर आने लगे, जिससे घरों के सामने चार चार फुट गहरा पानी भर जाने से लोग सारा दिन घरों में कैद रहे। वहीं दूसरी तरफ घर से कार्यालय, दुकानों व अन्य स्थानों पर सुबह काम पर निकले लोग शाम को शाहपहाड़ी रोड में रजा नगर काॅलोनी सहित अन्य नई बस्तियों में बने मकानों में घंटों नही जा सके। स्थिति यह रही कि वाहनों से घर तक पहुंचना तो दूर लोग पैदल घर तक नही जा सके। पानी कम होता न देख लोग वाहन दूसरे स्थानों पर रखकर चार चार फुट गहरे पानी से पैदल पार करते हुए घर पहुंचे, जिससे सारे कपड़े व सामान गीला हो गया। कमोवेश यही स्थिति चरखारी रोड पर स्थित गौरी मोटर्स के पीछे नई बस्ती मार्ग में तीन तीन फुट पानी भर जाने से आवागमन ठप रहा। लोगों के घरो में पानी घुस जाने से लोग सारा दिन और रात पानी निकालने में जुटे रहे।
इस साल हुई जोरदार बारिश ने सारे रिकार्ड तोड़ दिए। लगातार 48 घंटे हुई बारिश ने चार दशक पहले की तरह होने वाली बारिश की याद ताजा करा दी है। बुजुर्गों का कहना है कि पहले दो दो तीन तीन दिन तक पानी नहीं रूकता था। इस साल वैसा ही नजारा देखने को मिला। दो दिन तक पानी न रुकने से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। काम धंधे दो दिनों से प्रभावित हैं। शहर के लौड़ी तिराहा से गैस एजेन्सी रोड की सड़क पर चार चार फुट पानी भर जाने से कई घंटे तक आवागमन ठप रहा। इसी तरह पूल्ड हाउस कालोनी रोड पर कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के पास बनी सड़क में चार चार फिट पानी भर जाने से सड़क तालाब बन गई। रजा नगर और शेखू नगर की नई बस्तियां पानी से घिर जाने के कारण टापू बन गई। कच्चे मार्गों में पानी भर जाने से रास्ता कीचड़युक्त हो जाने से बाइक और स्कूटी निकालना मुश्किल हो गया।
जोश में चार पहिया कार से निकालने के चक्कर में फंस गई और बाइक सवार द्वारा गैस एंजेन्सी रोड पर बाइक निकालते समय बाइक भी फंस गई, जिससे दोनो वाहन चालकों को घंटों तक परेशान रहना पड़ा। धीरे धीरे पानी कम होने के बाद किसी तरह दोनों वाहनों को निकाला गया। इसी तरह चरखारी बाईपास रोड पर बलदेव नगर नयापुरा में चारों तरफ पानी भर जाने से लोग घरों तक नही आ जा सके। चार चार फुट गहरे पानी से निकल कर लोग आते जाते रहे। वहीं तहसील रोड से पुरानी बस स्टैंड मार्ग पर पानी भर जाने से दो पहिया वाहन चालकों का आवागमन रहा ठप। दुकानों और मकानों में पानी भरने से लोग परेशान रहे। सब्जी मंडी और बाजार में पानी भरने से छोटे छोटे दुकानदारों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। इस साल हुई जोरदार बारिश ने आम लोगोें को झकझोर कर रख दिया है।

News Wani