फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र के हनुमानपुर कजियामेड़ा गांव में शनिवार को ससुराल आए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक अपनी नाराज पत्नी को मनाकर वापस घर ले जाने के लिए करीब तीन दिन पहले ससुराल आया था। शनिवार को उसका शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान कौशांबी जिले के मंझनपुर निवासी बल्लू (45) के रूप में हुई है। बताया गया कि उसकी शादी करीब 15 वर्ष पहले हनुमानपुर कजियामेड़ा निवासी युवती से हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं। किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया था। इसके बाद पत्नी करीब एक सप्ताह पहले नाराज होकर अपने मायके चली आई थी।
पत्नी को मनाकर वापस घर ले जाने के लिए बल्लू करीब तीन दिन पहले अपनी ससुराल पहुंचा था। इसी दौरान शुक्रवार देर रात उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार सुबह शव मिलने की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना मिलते ही थरियांव पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई।
थाना प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
फिलहाल युवक की मौत को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
News Wani
