महोबा। विकासखंड पनवाड़ी के भुजपुरा गांव में खाद्यान्न वितरण में की जा रही अनियमितताओं और गबन के मामले में जांच सही पाए जाने पर पूर्ति निरीक्षक ने गांव के कोटेदार के खिलाफ थाना महोबकंठ में रिपोर्ट दर्ज करा दी है। इस कार्रवाई से सरकारी खाद्यान्न वितरण विक्रेताओं में हड़कंप मच गया है।
विकासखंड पनवाड़ी क्षेत्र के ग्राम भुजपुरा के कोटेदार जमुना प्रसाद द्वारा राशन वितरण में की जा रही अनियमितताएं की शिकायतें ग्रामीणों द्वारा लगातार की जा रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए, जिला पूर्ति अधिकारी एपी सिंह के निर्देशन पर जांच करने पहुंचे पूर्ति निरीक्षक कुलपहाड़ प्रवीण वर्मा ने राशनकार्ड धारकों से बयान दर्ज करते हुए वितरण संबंधी अभिलेखों की भी बारीकी से जांच कराई, जिस पर कोटेदार की लापरवाही सामने आई है। उपभोक्ताओं ने बताया कि कोटेदार द्वारा राशन का उठान नहीं किया जाता है, जिससे उन्हें अन्य गांव के कोटेदार से राशन लेने को मजबूर होना पड़ता है। वहीं खाद्यान्न के उठान से लेकर वितरण में गंभीर लापरवाही बरतना एवं उपभोक्ताओं का राशन का वितरण न करने पर जिलाधिकारी के अनुमोदन पर उपजिलाधिकारी की संस्तुति में पूर्ति निरीक्षक ने कोटेदार जमुना प्रसाद के खिलाफ थाना महोबकंठ में 3/7 अधिनियम के तहत मामला दर्ज कराया गया है।
पूर्ति निरीक्षक की इस कार्रवाई से कोटेदारों में हड़कंप मचा हुआ है। पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर उच्चाधिकारियों के निर्देशन पर यह कार्रवाई की गई है साथ ही उन्होंने तहसील क्षेत्र के समस्त राशन विक्रेताओं से कहा कि खाद्यान्न का वितरण शत-प्रतिशत किया जाए। कालाबाजारी करने वाले एवं वितरण में अनियमितताएं मिलने पर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

News Wani