प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वाराणसी से वडनगर जा रहे सेवा यात्रियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत की। इस दौरान उन्होंने युवाओं से समाज में सकारात्मक बदलाव और सामाजिक सुधार के लिए लगातार काम करने का आह्वान किया।
पीएम मोदी ने महात्मा गांधी के सामाजिक कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि गांधी जी ने स्वतंत्रता आंदोलन के साथ-साथ समाज में व्याप्त बुराइयों के खिलाफ भी काम किया। उन्होंने कहा कि समाज के निरंतर सुधार और सकारात्मक परिवर्तन के लिए प्रयास किए जाने चाहिए, न कि केवल वोटबैंक की राजनीति के लिए।
उन्होंने सेवा यात्राओं को अपने जीवन से जोड़ते हुए कहा कि ऐसी यात्राओं ने उन्हें देश और समाज को करीब से समझने का अवसर दिया। उनके मुताबिक, अलग-अलग जिलों की यात्राओं और वहां मिले अनुभवों ने उन्हें बहुत कुछ सिखाया और आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन दिया।
पीएम मोदी ने कहा कि वडनगर ने उन्हें जीवन के संस्कार दिए, जबकि काशी ने उनके संस्कारों में सेवा के अनेक रंग जोड़े। उन्होंने सेवा यात्रियों की सराहना करते हुए कहा कि युवा साथी भी इस यात्रा को सेवा की भावना से आगे बढ़ा रहे हैं।
वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर तक यात्रा
प्रधानमंत्री मोदी के 17 सितंबर को 76वें जन्मदिन के अवसर पर दो सेवा यात्राएं शुरू की गई थीं। एक यात्रा वडनगर से वाराणसी और दूसरी वाराणसी से वडनगर के लिए रवाना हुई। दोनों यात्राओं के 7 अक्टूबर को पूरा होने की योजना है।
24 सितंबर को भी पीएम मोदी ने वडनगर से वाराणसी जा रहे सेवा यात्रियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बातचीत की थी। इस यात्रा में बाइक सवारों के 10 समूह शामिल हैं।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय को किया याद
बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय लगातार आगे बढ़ने और यात्रा करते रहने की प्रेरणा देते थे। पीएम ने सेवा यात्रियों को भी इसी भावना के साथ समाज के बीच लगातार काम करने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि देश के लगभग हर हिस्से की यात्राओं से उन्हें अलग-अलग अनुभव मिले हैं। इन यात्राओं को उन्होंने अपने जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला बताया।
जन्मदिन पर देशभर में हुए कार्यक्रम
पीएम मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर को देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। कई राज्यों में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत दीप जलाए गए। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी गुजरात में कार्यक्रम में हिस्सा लिया था।
News Wani
