देश के कई हिस्सों में बारिश और खराब मौसम का असर देखने को मिल रहा है। सिक्किम के ग्यालशिंग जिले के रिंबी गांव में लगातार बारिश के चलते गुरुवार रात लैंडस्लाइड हुई। भूस्खलन की चपेट में आने से 20 से ज्यादा घर और सरकारी क्वार्टर बह गए। फिलहाल घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम के कमजोर पड़ने के बावजूद ओडिशा समेत कई राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी है। ओडिशा के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों में निचले इलाकों तथा भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों से करीब 10 हजार लोगों को निकालकर लगभग 200 राहत केंद्रों में पहुंचाया गया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 24 घंटे में छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
मध्य प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश में सक्रिय मौसम प्रणाली के कारण कई जिलों में तेज बारिश की चेतावनी है। जबलपुर समेत 13 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 16 जिलों में भारी बारिश होने का अनुमान है। अगले 24 घंटे में कुछ इलाकों में चार इंच से अधिक बारिश हो सकती है।
बिहार और हरियाणा में भी बारिश के आसार
बिहार के 19 जिलों में शुक्रवार को बारिश का यलो अलर्ट है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हरियाणा के यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, पलवल और फरीदाबाद में भी बारिश की संभावना जताई गई है।
यूपी में फिर बदला मौसम
उत्तर प्रदेश में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर तेज हुई हैं। लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, वाराणसी, प्रयागराज और जौनपुर समेत करीब 20 शहरों में बारिश हो रही है। लखनऊ में गुरुवार शाम से तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी है।
उत्तराखंड में बारिश और लैंडस्लाइड का असर
उत्तराखंड में भी मानसून सक्रिय है। देहरादून, नैनीताल और हरिद्वार में रुक-रुककर बारिश हुई। चमोली में कर्णप्रयाग-गैरसैंण हाईवे पर भूस्खलन के कारण रास्ता बंद हो गया। बद्रीनाथ-सतोपंथ मार्ग के कुछ हिस्सों में बर्फबारी भी हुई है।
राजस्थान में बारिश के बीच गर्मी का असर
जहां देश के कई राज्यों में बारिश हो रही है, वहीं राजस्थान के कुछ हिस्सों में गर्मी का असर बना हुआ है। जैसलमेर और बाड़मेर में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया।
अगले दो दिन भी बदलेगा मौसम
26 सितंबर को उत्तराखंड में भारी बारिश की संभावना है। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में भी कई जगह तेज बारिश हो सकती है। 27 सितंबर को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है, जबकि यूपी, एमपी और छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। कई राज्यों में तेज हवाओं और आंधी के साथ बिजली चमकने की भी संभावना है।
News Wani
