उज्जैन में सिंहस्थ 2028 के लिए सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई के दौरान शाही मस्जिद के एक हिस्से को हटाए जाने को लेकर सोमवार को तनाव की स्थिति बन गई। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव किया, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल कर भीड़ को नियंत्रित किया। इस दौरान एक महिला पुलिस अधिकारी के हाथ में चोट भी आई।
पुलिस के अनुसार, सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाले मस्जिद के करीब 9 फीट लंबे और 4 फीट चौड़े हिस्से को हटाया जाना है। एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि मस्जिद कमेटी और मुस्लिम समाज की सहमति व सहयोग से यह कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाते हुए पुलिस, RAF और अन्य बलों की तैनाती की गई है।
सुबह पथराव के बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। दोबारा पथराव होने पर भीड़ को हटाने के लिए पुलिस ने कार्रवाई की। मौके पर IG, DIG, कमिश्नर, कलेक्टर और SP समेत वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे।
विवाद के बाद आसपास के निजी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई और कई बाजार बंद रहे। पुलिस ने मस्जिद के आसपास की गलियों में बाहरी लोगों की आवाजाही पर भी रोक लगाई। इलाके में निगरानी के लिए CCTV और ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है।
पुलिस ने मामले में 10 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। इनमें पांच सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शामिल हैं, जबकि बाहर से आए पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सोशल मीडिया पर अफवाह और भड़काऊ सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई कर रही है।
वहीं, उज्जैन शहर काजी खलीकुर्रे रहमान ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और अनावश्यक रूप से मौके पर नहीं पहुंचने की अपील की है। प्रशासन की ओर से इलाके में शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
News Wani
