Breaking News

तिंदवारी के तेरही माफी मोड़ पर जलभराव और गड्ढों से हाइवे पर जाम, जलभराव और गड्ढों से लग रहा लंबा जाम

न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा। तिंदवारी नगर पंचायत क्षेत्र के तेरही माफी मोड़ के पास हाईवे की बदहाली लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। नाला जाम होने और जलनिकासी की उचित व्यवस्था न होने से सड़क पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। पानी भरने के कारण सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।

इस मार्ग से प्रतिदिन स्कूली बच्चों, रोडवेज बसों, एंबुलेंस, मोटरसाइकिल, कार, ई-रिक्शा, ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों सहित बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन होता है। सड़क पर भरे पानी और गड्ढों के बीच से निकलने के दौरान वाहन चालकों को काफी सावधानी बरतनी पड़ रही है। कई वाहन असंतुलित होकर पलटने की स्थिति में पहुंच जाते हैं। वहीं, जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को घंटों परेशान होना पड़ रहा है।

चेयरमैन ने ईओ पर लगाया लापरवाही का आरोप

नगर पंचायत तिंदवारी की चेयरमैन सुधा साहू ने बताया कि बरसात के दौरान सड़क पर जमा पानी को उन्होंने कई बार पंपसेट के माध्यम से निकलवाया है। उनके अनुसार, इस समस्या के संबंध में अधिशासी अधिकारी लल्लनराम यादव को कई बार जानकारी दी गई, लेकिन इसके बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया गया।

चेयरमैन ने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारी की लापरवाही के कारण समस्या लगातार बनी हुई है। उन्होंने नगर पंचायत की व्यवस्था में सुधार और जनसमस्याओं के समाधान की मांग करते हुए ईओ को तिंदवारी नगर पंचायत से हटाने की मांग भी की। चेयरमैन के मुताबिक, तेरही माफी मोड़ से करीब दो किलोमीटर तक छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

मौके पर पहुंचे ईओ, लोगों को स्थायी समाधान का इंतजार

समस्या की जानकारी मिलने पर अधिशासी अधिकारी दोपहर में मौके पर पहुंचे। उन्होंने जलभराव और सड़क की स्थिति का निरीक्षण किया, लेकिन स्थानीय लोगों के अनुसार, वह बिना कोई जानकारी दिए वहां से चले गए। इससे लोगों में समस्या के जल्द समाधान को लेकर चिंता बनी हुई है।

स्थानीय निवासी राजेंद्र द्विवेदी, संदीप गुप्ता, प्रकाश, रामप्रकाश प्रजापति, गुड्डू, युसुफ खान और रजनीश सहित अन्य लोगों ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति के कारण स्कूली वाहनों, रोडवेज बसों, एंबुलेंस और दोपहिया वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है। जलभराव के चलते गड्ढों की गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है।

सड़क की मरम्मत और जलनिकासी की मांग

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से हाईवे की जल्द मरम्मत कराने, जाम नाले की सफाई कराने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या को दूर करने के लिए कब तक ठोस कदम उठाते हैं।

About NW-Editor

Check Also

बांदा में क्रिकेट खिलाड़ियों का महासंग्राम, 350 प्रतिभाओं ने ट्रायल में दिखाया दम; आज होगा ऑक्शन

न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा। जिले में क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *