स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। कोलकाता नाइट राइडर्स के हाथों शुक्रवार को अपने घर में हार झेलने के बाद दिल्ली कैपिटल्स की आईपीएल-2026 की प्लेऑफ की उम्मीदें लगभग खत्म हो गई हैं। इस हार ने दिल्ली को काफी निराश किया है। टीम के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट वेणुगोपाल राव ने भी इस पर निराश जताई है और 18 साल के दर्द को बयां किया है। दिल्ली कैपिटल्स वो टीम है जिसने अभी तक आईपीएल नहीं जीता है जबकि इस लीग का ये 18वां सीजन चल रहा है। टीम ने साल 2020 में एक बार फाइनल खेला था जिसमें उसे मुंबई इंडियंस के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

कोलकाता से मिली हार के बाद राव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि 18 साल भी टीम का खिताब न जीत पाना काफी दुखदायी है। राव बतौर खिलाड़ी भी इस टीम का हिस्सा रह चुके हैं। वह 2011 से 2013 तक दिल्ली फ्रेंचाइजी के लिए खेले थे।

राव ने कहा, “जाहिर सी बात है।, 18 साल हो गए। काफी दर्द होता है। जब मैं अपने खेलने वाले दिनों के बारे में सोचता हूं तो मैं हमेशा जीतना चाहता था। अब जब मैं प्रशासनिक और कोचिंग कर रहा हूं तो इसमें भी सीखने को काफी कुछ है।”

कोई एक वजह नहीं

दिल्ली ने सीजन की शुरुआत दो जीत के साथ की थी, लेकिन वह अपनी लय बरकरार नहीं रख पाई् और लगातार हार झेलती रही। राव ने कहा कि किसी एक विभाग को जिम्मेदारी ठहराना सही नहीं होगा। उन्होंने कहा, “मैं किसी एक विभाग की कमी नहीं कहूंगा। अलग-अलग मैचों में अलग-अलग विभागों में हमें निराशा मिली है। पंजाब किंग्स के खिलाफ हमने अच्छा स्कोर किया लेकिन कैच छोड़े। कुछ मैचों में हमने अच्छी गेंदबाजी की, लेकिन हमारे बल्लेबाजों ने अच्छा नहीं किया। उन्होंने कहा, “बीते दो मैचों में हमारे बल्लेबाज हालत के साथ सामंजस्य नहीं बिठा पाए। अगर आप मुझसे पूछेंगे तो हां, बैटिंग एक ऐसा एरिया रहा है जहां हमें कुछ स्थिति में बेहतर तरीके से सामंजस्य बिठाने की जरूरत है।”