Breaking News

कल्यानपुर पुलिस ने शातिर चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार LED टीवी, बैटरी, इन्वर्टर, जेवरात, नकदी और बाइक समेत बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद

फतेहपुर (न्यूज़ वाणी)। जिले की कल्यानपुर थाना पुलिस ने संगठित रूप से चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के एलईडी टीवी, बैटरी, इन्वर्टर, जेवरात, नकदी, स्कूटी, मोटरसाइकिल समेत बड़ी मात्रा में सामान बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार बीते दिनों कल्यानपुर थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। एक मामले में प्रतिष्ठान कृष्णा इंटरप्राइजेज, जीटी रोड गोविंदपुर मोड़ से नकदी और सामान चोरी हुआ था, जबकि दूसरे मामले में एक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान से इन्वर्टर, बैटरी समेत अन्य सामान चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। दोनों मामलों में मुकदमे दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कल्यानपुर पुलिस ने जांच और सुरागरसी के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों में शफीक पुत्र स्व. कमरुद्दीन निवासी आवास विकास हंसपुरम, थाना नौबस्ता कानपुर नगर, मारूफ शाह पुत्र यासीन शाह निवासी गुन्टापुर मजरे मवईपुर थाना कल्यानपुर फतेहपुर, राशिद उर्फ सज्जान पुत्र मुन्ना निवासी गुन्टापुर मजरे मवईपुर थाना कल्यानपुर और साजिब पुत्र इरफान उर्फ चांद निवासी आवास विकास हंसपुरम थाना नौबस्ता कानपुर नगर शामिल हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर अपने साथियों के साथ मिलकर बंद मकानों, घरों और दुकानों की रेकी करने के बाद ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात बताई। पुलिस के मुताबिक चोरी का सामान आपस में बांटकर बेच दिया जाता था और उससे मिलने वाली रकम से आरोपी अपने खर्च पूरे करते थे।
पुलिस ने यह सामान किया बरामद
पुलिस के मुताबिक आरोपियों की निशानदेही एवं कब्जे से दो हथौड़े, एक बर्मा, एक प्लास, एक पेचकस, दो चाकू, एक आरी, दो एलईडी टीवी, दो बैटरी, दो इन्वर्टर, करीब आठ किलो कॉपर वायरिंग तार, दो काले रंग की बाइक, एक वायरलेस सेट, सात DJ यूनिट के ढक्कन, एक सीलिंग फैन का डायनमो, दो मैरून रंग के ढक्कन, DJ को एम्प्लीफायर से जोड़ने वाला तार, एक स्कूटी, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, ₹3,950 नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
बरामदगी के आधार पर पुलिस ने संबंधित मुकदमों में धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया।
एक आरोपी पर पहले से कई मुकदमे
पुलिस की ओर से जारी आपराधिक इतिहास के अनुसार आरोपी शफीक के खिलाफ कानपुर नगर और अन्य स्थानों के विभिन्न थानों में पहले से चोरी, आबकारी अधिनियम तथा एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अन्य गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कल्यानपुर थाने में मौजूदा चोरी के मामलों का उल्लेख किया गया है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मंगेश कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक विवेक कुमार समेत कल्यानपुर थाने के पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की है।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन वारंटी अभियुक्त गिरफ्तार कर कोर्ट में किए पेश

फतेहपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने गुरुवार …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *