लखनऊ। राजधानी लखनऊ में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। चौथे दिन भी जारी बारिश के बीच मोहनलालगंज क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां तेज बारिश के कारण फूस की झोपड़ी ढहने से उसके नीचे सो रही 18 वर्षीय युवती की मौत हो गई। वहीं गोसाईंगंज इलाके में करीब 250 घर पिछले तीन दिनों से बिजली संकट झेल रहे हैं, जिससे लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
मोहनलालगंज के गदियाना गांव में बुधवार देर रात मजदूर गोकुल के परिवार पर उस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब तेज बारिश के चलते उनकी फूस की झोपड़ी अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय पूरा परिवार झोपड़ी के अंदर सो रहा था। मलबे में दबने से गोकुल की 18 वर्षीय बेटी रिंकी रावत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
उधर, गोसाईंगंज नगर पंचायत के साहन टोला और नेवातिन टोला में करीब 65 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप है। स्थानीय लोगों के अनुसार लगभग 40 मीटर विद्युत तार क्षतिग्रस्त होने के कारण 250 से अधिक घर अंधेरे में डूबे हुए हैं। कई बार शिकायत के बावजूद बिजली विभाग की ओर से समस्या का समाधान नहीं किया गया है। बिजली न होने से पेयजल संकट भी गहरा गया है और बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
लगातार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। हजरतगंज के क्ले स्क्वायर, उदयगंज, विधानसभा मार्ग और अन्य निचले क्षेत्रों में सड़कों पर पानी भर जाने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले तीन दिनों में लखनऊ में 64.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है। गुरुवार को भी दिनभर हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 9 अगस्त तक राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। राज्य में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और अगले 48 घंटों के दौरान कई जिलों में भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, जर्जर मकानों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने तथा आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।
News Wani
