नई दिल्ली। BRICS समिट में शामिल होने भारत पहुंचे मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने नई दिल्ली में आयोजित डिनर कार्यक्रम के दौरान अपने अलग अंदाज से सभी का ध्यान खींच लिया। उन्होंने मंच पर हिंदी फिल्मों के लोकप्रिय गीत गुनगुनाए और भारतीय संगीत के प्रति अपनी पसंद जाहिर की।
प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने किशोर कुमार की आवाज में मशहूर हुए गीत ‘ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत’ की कुछ पंक्तियां गाईं। यह गीत वर्ष 1965 में रिलीज हुई फिल्म ‘तीन देवियां’ का है। इस गीत को किशोर कुमार ने आवाज दी थी, जबकि इसका संगीत एसडी बर्मन ने तैयार किया था और गीत के बोल मजरूह सुल्तानपुरी ने लिखे थे।
इस दौरान अनवर इब्राहिम ने फिल्म ‘संगम’ का लोकप्रिय गीत ‘दोस्त-दोस्त ना रहा’ भी गुनगुनाया। मुकेश की आवाज में लोकप्रिय हुए इस गीत का संगीत शंकर-जयकिशन ने दिया था और इसे शैलेंद्र ने लिखा था।
सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर कही दिलचस्प बात
मलेशियाई प्रधानमंत्री ने इस खास पल का वीडियो सोशल मीडिया पर भी साझा किया। करीब डेढ़ मिनट के वीडियो में वह हिंदी फिल्मी गीतों को गुनगुनाते और संगीत का आनंद लेते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के साथ उन्होंने भारतीय संगीत के प्रति अपने लगाव को बेहद सहज अंदाज में जाहिर किया।
अनवर इब्राहिम पहले भी किशोर कुमार के गीतों के प्रति अपनी पसंद बता चुके हैं। वर्ष 2024 में भारत में दिए एक इंटरव्यू के दौरान भी उन्होंने ‘ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत’ गीत गुनगुनाया था।
भारतीय सिनेमा और संगीत से पुराना जुड़ाव
मलेशिया में भारतीय फिल्मों और संगीत की लोकप्रियता काफी पुरानी है। वहां बड़ी संख्या में भारतीय मूल के लोग रहते हैं और खासतौर पर बॉलीवुड तथा तमिल फिल्मों का बड़ा दर्शक वर्ग है।
विदेश मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार मलेशिया में करीब 27.5 लाख भारतीय मूल के लोग रहते हैं, जो वहां की कुल आबादी का लगभग 9 प्रतिशत हिस्सा हैं। इनमें बड़ी संख्या तमिल भाषी लोगों की है। इसी वजह से हिंदी और तमिल फिल्मों के साथ भारतीय संगीत को भी मलेशिया में काफी पसंद किया जाता है।
शाहरुख खान, रजनीकांत, विजय, सूर्या और शिवकार्तिकेयन जैसे भारतीय सितारों की फिल्मों को मलेशिया में अच्छी दर्शक संख्या और बॉक्स ऑफिस कारोबार मिलता रहा है।
पीएम मोदी की मलेशिया यात्रा के दौरान भी दिखी थी बॉलीवुड की झलक
भारत और मलेशिया के बीच सांस्कृतिक संबंधों की झलक पहले भी देखने को मिल चुकी है। फरवरी 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मलेशिया यात्रा के दौरान अनवर इब्राहिम ने सोशल मीडिया पर एक आधिकारिक वीडियो साझा किया था, जिसमें बॉलीवुड फिल्म के लोकप्रिय गीत ‘बोले चूड़ियां’ का इस्तेमाल किया गया था।
प्रधानमंत्री मोदी के मलेशिया पहुंचने पर अनवर इब्राहिम स्वयं एयरपोर्ट पहुंचे थे और उनका स्वागत किया था।
कौन हैं अनवर इब्राहिम?
अनवर इब्राहिम मलेशिया के 10वें प्रधानमंत्री हैं। उन्होंने 24 नवंबर 2022 को प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली थी। इससे पहले वह देश के उपप्रधानमंत्री भी रह चुके हैं।
लंबे राजनीतिक संघर्ष के बाद अनवर इब्राहिम 2022 के आम चुनाव के बाद प्रधानमंत्री बने। उनका राजनीतिक सफर मलेशिया की राजनीति में काफी महत्वपूर्ण माना जाता है।
News Wani
