Breaking News

फतेहपुर में 12, 14 और 16 अक्टूबर को होंगे सामूहिक विवाह, 995 जोड़ों के लिए प्रशासन ने तय किए आयोजन स्थल

फतेहपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जिले में इस बार 995 जोड़ों के हाथ पीले होंगे। गरीब और जरूरतमंद परिवारों के बेटे-बेटियों के विवाह को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने सामूहिक विवाह कार्यक्रम के लिए विकासखंडवार एवं नगर निकायवार आयोजन स्थल और तिथियां निर्धारित कर दी हैं। जिले में तीन चरणों में 12, 14 और 16 अक्टूबर को सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए जाएंगे।

जिलाधिकारी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए फतेहपुर जिले को 995 जोड़ों के सामूहिक विवाह का लक्ष्य मिला है। इसके लिए संबंधित खंड विकास अधिकारियों और नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को आयोजन की सभी तैयारियां समय से पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं।

12 अक्टूबर को पहला चरण

पहले चरण में 12 अक्टूबर को बीएनयू मैरिज लॉन, पुरनपुर-अमौली रोड, जहानाबाद में सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें अमौली, देवमई और खजुहा क्षेत्र से संबंधित पात्र जोड़ों को शामिल किया जाएगा।

14 अक्टूबर को दूसरे चरण का आयोजन

दूसरे चरण में 14 अक्टूबर को जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें सर्वोदय इंटर कॉलेज गोपालगंज तथा आस्थामा मंदिर परिसर/सर्वोदय इंटर कॉलेज, असोथर समेत निर्धारित स्थलों पर कार्यक्रम होंगे।

संबंधित अधिकारियों को आयोजन स्थलों पर साफ-सफाई, बैठने, पेयजल समेत सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं।

16 अक्टूबर को तीसरे चरण का कार्यक्रम

तीसरे चरण में 16 अक्टूबर को विकासखंड ऐरायां परिसर तथा ग्राम सुधवापुर, ग्राम पंचायत पौली, विकासखंड धाता में सामूहिक विवाह कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।

इस चरण में ऐरायां, हथगाम, धाता, विजयीपुर और भिटौरा समेत संबंधित नगर निकायों के पात्र जोड़ों को शामिल किया जाएगा।

अपात्र लाभार्थियों पर होगी कार्रवाई

सामूहिक विवाह योजना में पारदर्शिता को लेकर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी अपात्र लाभार्थी को योजना का लाभ न दिया जाए। सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण, ग्राम विकास अधिकारी समाज कल्याण और समाज कल्याण विभाग के पर्यवेक्षकों को विवाह की तिथि तक पात्र जोड़ों का गहन सत्यापन और जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।

सभी खंड विकास अधिकारियों और नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को पात्र जोड़ों को विवाह की तिथि और आयोजन स्थल की जानकारी समय से देने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही आयोजन स्थलों की साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कराने को कहा गया है।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर पुलिस में बड़ा फेरबदल, कई अधिकारियों के बदले कार्यक्षेत्र; बकेवर को मिला नया थाना प्रभारी

फतेहपुर। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए पुलिस महकमे …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *