फतेहपुर। विगत 25 दिन पूर्व मलवां थाना क्षेत्र के कोराई के समीप सड़क पार कर रही भैंस से बाइक टकरा जाने से 30 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। उपचार के दौरान मंगलवार की सुबह कानपुर के उर्सला अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
बताते चलें कि गाजीपुर थाना क्षेत्र के अयाह गांव निवासी स्वर्गीय सुखराम का पुत्र धर्मेंद्र विगत 10 सितंबर को अपने रिश्तेदार उमरगहना गांव गया था। वापस लौटते समय जब वह कोराई गांव के पास पहुंचा, तभी सड़क पार कर रही भैंस से उसकी बाइक टकरा गई। हादसे में धर्मेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया था।
घटना के बाद परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां करीब एक सप्ताह तक इलाज चलने के बाद चिकित्सक ने उसे कानपुर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन कानपुर के उर्सला अस्पताल में उसका इलाज करा रहे थे।
मंगलवार की सुबह उपचार के दौरान धर्मेंद्र ने दम तोड़ दिया। परिजन शव लेकर गांव वापस आए और पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की जानकारी मृतक के भाई राजेंद्र ने पुलिस को दी।
News Wani
