फतेहपुर। असोथर निवासी सरोज देवी पत्नी स्व. संत कुमार तिवारी ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देते हुए ससुराल पक्ष के लोगों पर भूमि पर अवैध रूप से कब्जा किए जाने का आरोप लगाया है। महिला ने मामले में कार्रवाई की मांग की है।
डीएम को दिए शिकायती पत्र में महिला ने बताया कि वह अपनी बेटी के साथ कानपुर जनपद में रहती है। उसकी गैरमौजूदगी में देवरानी शकुंतला देवी और उसके दोनों बेटों अभिषेक व आशीष ने 15 जुलाई 2024 को कथित रूप से अवैध तरीके से जमीन पर कब्जा कर लिया।
महिला के अनुसार, उसने इससे पहले भी इस मामले को लेकर शिकायती पत्र दिया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि उसकी अनुपस्थिति का फायदा उठाकर देवरानी और उसके दोनों बेटों ने राजस्व कर्मियों से मिलीभगत कर रोड साइड की जमीन की नपाई करा ली और उस पर कब्जा कर लिया।
शिकायत में यह भी बताया गया कि वर्ष 2006 में बेची गई जमीन पर भी कब्जा कर लिया गया है। महिला का कहना है कि रोड साइड की जमीन का अंश समान रूप से बांटा जाना चाहिए था, लेकिन उसकी गैरमौजूदगी में नपाई कराकर जमीन पर कब्जा कर लिया गया।
पीड़िता ने गाटा संख्या 1267 और 1268 को कब्जा मुक्त कराने की मांग की है। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग जिलाधिकारी से की है।
News Wani
