खागा, फतेहपुर। कानपुर स्थित गणेश शंकर विद्यार्थी मेडिकल कॉलेज के ऐतिहासिक परिसर में गंगा समग्र, कानपुर प्रांत की ओर से आयोजित गंगा रत्न सम्मान 2026 समारोह में पर्यावरण प्रहरी प्रवीण पांडेय को पर्यावरण, जल-स्रोतों और नदियों के संरक्षण के क्षेत्र में किए गए कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें गंगा समग्र के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरेन्द्र सिंह, संघ परिवार के वरिष्ठ प्रचारक रामाशीष जी और प्रांत संघचालक भवानी भीक ने सम्मान प्रदान किया।
पर्यावरण एवं जल संरक्षण के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय प्रवीण पांडेय ने जल-स्रोतों और छोटी नदियों के संरक्षण को लेकर विभिन्न स्तरों पर अभियान चलाए हैं। उन्होंने अब तक 120 से अधिक तालाबों को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए अभियान चलाया है। इसके साथ ही यमुना, ससुर खदेरी, नोन, रिंद, मंदाकिनी और पांडु समेत विभिन्न छोटी नदियों एवं जलधाराओं के संरक्षण को लेकर पदयात्राएं भी की हैं।
वर्ष 2024 में प्रकाशित उनकी पुस्तक ‘जलनिधियों को जीने दो’ को राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम पुरस्कार मिल चुका है। वहीं, नदी संरक्षण से जुड़े उनके शोध एवं कार्यों पर आधारित ‘यमुना की सहेलियों की पीड़ा’ का भी प्रकाशन हो चुका है।
सम्मान ग्रहण करने के बाद प्रवीण पांडेय ने कहा कि गंगा रत्न सम्मान उनके लिए केवल सम्मान नहीं, बल्कि जल-स्रोतों और नदियों के संरक्षण के प्रति और अधिक जिम्मेदारी से कार्य करने की प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि नदियों, तालाबों और अन्य जल-स्रोतों को बचाने के लिए जनभागीदारी को मजबूत करना बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने जल संरक्षण, वृक्षारोपण और पर्यावरण संतुलन पर विचार रखते हुए कहा कि नदियों और जल-स्रोतों के संरक्षण में समाज की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। इस दौरान कानपुर प्रांत के पर्यावरण कार्यकर्ता, समाजसेवी, प्रबुद्ध नागरिक और गंगा समग्र से जुड़े कार्यकर्ता मौजूद रहे।
News Wani
