खागा, फतेहपुर। ऐरायां ब्लॉक सभागार में रविवार को ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन तहसील इकाई खागा की मासिक बैठक आयोजित हुई। बैठक में ऐरायां, धाता, विजयीपुर और हथगाम ब्लॉक के विभिन्न गांवों एवं कस्बों से आए पत्रकारों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान आधुनिक पत्रकारिता और उसके सामने आ रही चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश द्विवेदी, शिवशरण बंधु, रामनारायण विश्वकर्मा, केदारनाथ शुक्ला, सामाजिक कार्यकर्ता प्रवीण पांडेय और अमित मिश्रा ने युवा पत्रकारों के साथ अपने अनुभव साझा किए।
वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण पत्रकारिता लोकतंत्र की असली नब्ज है और तमाम चुनौतियों के बीच निष्पक्षता बनाए रखना पत्रकारों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने पत्रकारों से तथ्यपरक और जिम्मेदार पत्रकारिता करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित आनंद कुमार मिश्रा को सम्मानित किया गया। उन्होंने युवा पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि अपने वरिष्ठजनों की बातों और उनके अनुभवों की कभी अनदेखी नहीं करनी चाहिए। वरिष्ठ पत्रकार हमारी पत्रकारिता के दीपक हैं और उनकी रोशनी में ही पत्रकारिता को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।
वहीं हथगाम से आए राजेश यादव और बच्चराज मौर्य ने ग्रामीण क्षेत्रों में समाचार संकलन के दौरान आने वाली विभिन्न समस्याओं को बैठक में रखा। इस दौरान कई साथियों ने संगठन को मजबूत करने के लिए सुझाव भी दिए। तहसील इकाई ने इन सुझावों पर आगामी बैठक से पहले अमल का भरोसा दिलाया।
बैठक में राज्य मुख्यालय से मान्यता प्राप्त पत्रकार रोहित माहेश्वरी का संगठन की ओर से फूलमाला एवं प्रतीक चिह्न देकर स्वागत किया गया।
जिलाध्यक्ष कुमुद तिवारी ने संगठन की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संगठन के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ सिंह ने ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ किया है। उन्होंने इसे संगठन को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में ऐतिहासिक और सराहनीय पहल बताया।
उन्होंने कहा कि यह वेबसाइट प्रदेशभर के ग्रामीण पत्रकारों की गतिविधियों, संगठनात्मक कार्यक्रमों और पत्रकारिता से जुड़े विषयों को एक सशक्त डिजिटल मंच प्रदान करेगी। इससे संगठन को और अधिक मजबूत एवं संगठित बनाने में मदद मिलेगी।
बैठक में सुनील तिवारी, अशोक कुमार सिंह, शिवशरण बंधु, राजेश यादव, मोईन, मनोज कुमार, अरुण कुमार केसरकर, विज्ञान सिंह, गोपी तिवारी, यश गुप्ता, सुधीर तिवारी, दीपक सिंह वैस, यश यादव, रमेश प्रसाद गुप्ता, संतोष कुमार, चेतन बाजपेयी, दिनेश सिंह, हेमराज मौर्य, अमित सोनी, अतुल चौरसिया, अखिलेश अग्रहरी, दुर्गेश अवस्थी, सौरभ सिंह और अनूप तिवारी सहित तहसील इकाई के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
News Wani
