पौधरोपण के साथ जल संरक्षण का दिया संदेश

– रेडक्रास सोसाइटी ने कंपोजिट विद्यालय बक्सपुर में रोपे पौधे
– कंपोजिट विद्यालय बक्सपुर में पौध रोपित करते रेडक्रास के पदाधिकारी।
फतेहपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार की सुबह इंडियन रेडक्रास सोसाइटी एवं आरोग्य भारती के तत्वावधान तथा डॉ. सत्यनारायण सेवा फाउंडेशन के संयोजकत्व में कम्पोजिट विद्यालय बक्सपुर में पौधरोपण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरण प्रमुख कानपुर प्रांत आरोग्य भारती, चेयरमैन एवं इंडियन रेडक्रास सोसाइटी उत्तर प्रदेश के कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने किया। विद्यालय परिसर में अमरूद, जामुन, शीशम, अशोक, गुड़हल, कनेर सहित कुल 11 पौधों का रोपण किया गया, जिनमें पांच औषधीय पौधे भी शामिल रहे। लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी उपस्थित लोगों को सौंपी गई। पौधरोपण के उपरांत डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने पर्यावरण संरक्षण, जल बचाओ अभियान एवं पॉलिथीन मुक्त समाज के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बढ़ते पर्यावरणीय संकट के बीच जल संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक व्यक्ति को इसकी जिम्मेदारी समझनी होगी। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को जल संरक्षण संबंधी निवेदन पत्रक वितरित किए गए तथा जल के अनावश्यक दुरुपयोग से बचने का संकल्प दिलाया गया। उन्होंने कहा कि जल है तो कल है केवल एक नारा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार है। कार्यक्रम में वार्ड संख्या-12 के सभासद अरुण यादव, वार्ड संख्या-3 के सभासद पवन द्विवेदी, कार्यकारिणी सदस्य संजय कुमार श्रीवास्तव, चौतन्य कुमार, प्रबंध समिति सदस्य सुरेश कुमार श्रीवास्तव सहित मिथलेश, अजय गुप्ता, अनिरुद्ध श्रीवास्तव, राकेश विश्वकर्मा, श्यामू सिंह, नरेश गुप्ता एवं संजय कुमार समेत अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और जल बचाने का प्रभावी संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

About NW-Editor

Check Also

मंदिर की भूमि पर कब्जे का आरोप, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

– एडीएम के निर्देश पर एसडीएम खागा करेंगे जांच – डीएम को शिकायती पत्र देने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *