Breaking News

मंदिर की भूमि पर कब्जे का आरोप, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

– एडीएम के निर्देश पर एसडीएम खागा करेंगे जांच
– डीएम को शिकायती पत्र देने जाते ग्रामीण।
विजयीपुर, फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़वा स्थित प्राचीन शीतला माता मंदिर एवं उससे जुड़ी ग्राम समाज की भूमि पर कथित अवैध कब्जे के प्रयास को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर आरोप लगाया है कि ग्राम प्रधान के संरक्षण में कुछ दबंग तत्व सरकारी भूमि पर मिट्टी भराई कराकर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। मामले में कार्रवाई न होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों चंद्र सिंह, मनीष सिंह, मुन्ना सिंह, रामकृपाल, राम प्रसाद, राजाराम और प्रेमचंद समेत कई लोगों ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि गांव का प्राचीन शीतला माता मंदिर ग्राम समाज की भूमि पर स्थित है और वर्षों से श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहा है। आरोप है कि सुभाष सिंह पुत्र रामस्वरूप एवं जय सिंह पुत्र सुभाष लगातार मंदिर परिसर से सटी सरकारी भूमि पर मिट्टी डलवाकर उसका स्वरूप बदल रहे हैं तथा अवैध कब्जे की तैयारी कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में कई बार राजस्व विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता के चलते अतिक्रमण करने वालों के हौसले बुलंद हैं और कब्जे का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। शिकायतकर्ताओं ने क्षेत्रीय लेखपाल की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि वास्तविक स्थिति को नजरअंदाज किया जा रहा है और मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने हस्तक्षेप नहीं किया तो मंदिर परिसर और ग्राम समाज की बहुमूल्य सरकारी भूमि पर स्थायी कब्जा हो सकता है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से उच्चस्तरीय जांच कराकर अवैध कब्जे को तत्काल रोकने, अतिक्रमण हटवाने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही राजस्व विभाग के संबंधित कर्मचारियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर जिलाधिकारी (राजस्व) विनय पांडेय ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। प्रकरण की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए उपजिलाधिकारी खागा को निर्देशित कर दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

About NW-Editor

Check Also

हादसे के बाद सड़क जाम करना पड़ा भारी, 20 ग्रामीणों पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

फतेहपुर। खखरेरू थाना क्षेत्र के बसवा पौली रोड पर ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *