कोलकाता: पश्चिम बंगाल में चुनाव नतीजों के बाद भड़की हिंसा के बीच बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई, वहीं ड्राइवर बुद्धदेव बेरा की हालत गंभीर है, उन्हें तीन गोलियां लगी हैं. उधर इस मामले में जांच ने रफ्तार पकड़ ली है. उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस को अब तक कई अहम सुराग मिले हैं, जिसमें संदिग्ध कार की बरामदगी, फर्जी नंबर प्लेट और हमले की प्री-प्लानिंग के संकेत शामिल हैं.
संदिग्ध कार जब्त
मामले की जांच कर रही पश्चिम बंगाल पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. शूटआउट में इस्तेमाल एक संदिग्ध कार को जब्त किया गया है. कार पर सिलीगुड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर था, लेकिन जांच में यह नंबर नकली और छेड़छाड़ किया हुआ निकला. डीजीपी सिद्धनाथ गुप्ता ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि वाहन की नंबर प्लेट फर्जी पाई गई है. घटनास्थल से जिंदा कारतूस और फायरिंग के खोखे भी बरामद किए गए हैं. पुलिस अब इस कार के जरिए हमलावरों की पहचान तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.
सीने में लगी गोलियां, मौके पर ही मौत
अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक चंद्रनाथ रथ को दो गोलियां सीने में लगीं, जो सीधे दिल में जाकर लगीं. एक गोली पेट (एब्डॉमेन) में भी लगी. अस्पताल लाने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी. डॉक्टरों ने साफ कहा कि उन्हें बचाने का कोई मौका नहीं था. वहीं उनके ड्राइवर बुद्धदेव बेरा को तीन गोलियां लगी हैं, वे अपोलो अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत गंभीर है.
News Wani

