फतेहपुर। जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में स्व-गणना अभियान की शुरुआत हुई। प्रथम दिवस जिलाधिकारी श्रीमती निधि गुप्ता वत्स ने स्वयं स्व-गणना कर अपनी स्व-गणना पहचान संख्या (एसई आईडी) जनरेट की। इस दौरान जिलाधिकारी ने सभी कार्यालयाध्यक्षों को निर्देशित किया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर स्व-गणना की प्रक्रिया पूर्ण कराई जाए। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है और इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। जिलाधिकारी ने मीडिया प्रतिनिधियों से भी अपील करते हुए कहा कि वे अपने-अपने संस्थानों के माध्यम से जनपदवासियों को स्व-गणना के प्रति जागरूक करें तथा अधिक से अधिक लोगों को इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित करें। बताया गया कि स्व-गणना अभियान 07 मई 2026 से 21 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस अवधि में नागरिक स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपनी जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। ऐसे करें स्व-गणना : सबसे पहले जनगणना पोर्टल/मोबाइल एप पर जाएं। मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीकरण करें। ओटीपी सत्यापन के बाद लॉगिन करें। परिवार एवं सदस्यों से संबंधित मांगी गई जानकारी भरें। सभी विवरण सत्यापित करने के बाद फॉर्म सबमिट करें।
प्रक्रिया पूरी होने पर स्व-गणना पहचान संख्या (SE ID) जनरेट होगी, जिसे सुरक्षित रखें। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि सही एवं पूर्ण जानकारी देकर स्व-गणना प्रक्रिया में सहयोग करें, जिससे जनगणना का कार्य पारदर्शी एवं सुचारु रूप से संपन्न हो सके। इस अवसर पर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मनोज कुमार गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

News Wani