Breaking News

बिंदकी समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं 213 शिकायतें, 27 मामलों का मौके पर निस्तारण

बिंदकी समाधान दिवस में 213 शिकायतें पहुंचीं, 27 का मौके पर निस्तारण; 186 मामलों पर अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश
फतेहपुर। तहसील बिंदकी सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के साथ शिकायतकर्ता की संतुष्टि भी सुनिश्चित की जाए। लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारी अथवा कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक की मौजूदगी में आयोजित समाधान दिवस में कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, सिंचाई, नलकूप और राजस्व सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 213 शिकायतें प्राप्त हुईं।
इनमें से 27 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष 186 प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को हस्तांतरित करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

डीएम ने अधिकारियों से आईजीआरएस एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा और क्रॉस चेकिंग करने को कहा। साथ ही निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से संतुष्टि फीडबैक लेना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित वादों का भी समय से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने पर जोर दिया।
समाधान दिवस में विभिन्न विभागों की ओर से जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल भी लगाए गए। इनके माध्यम से लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र व्यक्तियों से आवेदन लिए गए।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी बिंदकी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, डीसी मनरेगा, उपायुक्त श्रम रोजगार, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, एलडीएम, जिला कृषि अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी और खंड विकास अधिकारी सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

About NW-Editor

Check Also

43 हजार से अधिक बच्चों ने रंगों में उकेरा ‘मेरे सपनों का भारत’, जिले के 2123 परिषदीय विद्यालयों में हुई चित्रकला प्रतियोगिता, अब ब्लॉक स्तर पर होगा मुकाबला

फतेहपुर। विकसित भारत की कल्पना को स्कूली बच्चों ने रंगों के माध्यम से कागज पर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *