सरदार पटेल प्रेक्षा गृह में रोजगार, आवास, कृषि, महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य योजनाओं का प्रदर्शन
फतेहपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत सरदार वल्लभ भाई पटेल प्रेक्षा गृह में सूचना विभाग द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी का सदाशिव इंटर कॉलेज रेल बाजार के छात्र-छात्राओं ने अवलोकन किया। प्रदर्शनी में विभिन्न योजनाओं, परियोजनाओं और उपलब्धियों को चित्रों एवं फ्लेक्स के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।
सूचना अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शनी में रोजगार, आवास, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, कृषि, कौशल विकास, स्वरोजगार, एमएसएमई, पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत सहित विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित योजनाओं एवं कार्यों की जानकारी दी गई है।

प्रदर्शनी में एयरपोर्ट विस्तार, युवाओं के लिए रोजगार एवं सरकारी नौकरी, एमएसएमई इकाइयों के विस्तार, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी प्रदर्शित की गई है।
महिला सशक्तिकरण से संबंधित हिस्से में वन स्टॉप सेंटर, निराश्रित महिला पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना तथा महिलाओं एवं बेटियों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं को शामिल किया गया है। कृषि क्षेत्र में ड्रोन के उपयोग पर अनुदान, प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत सोलर पंप, कृषि यंत्र, मंडियों के आधुनिकीकरण और ई-नाम जैसी डिजिटल सुविधाओं की जानकारी दी गई है।
इसके अलावा काशी, अयोध्या और प्रयागराज सहित प्रदेश के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों, सांस्कृतिक आयोजनों, स्वच्छ भारत अभियान, निःशुल्क इलाज, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, डीबीटी, कौशल विकास, रोजगार एवं स्वरोजगार से संबंधित जानकारी भी प्रदर्शित की गई है।
सूचना अधिकारी ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी देखने और सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने की अपील की। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक, छात्र, सूचना विभाग के अधिकारी एवं नागरिक मौजूद रहे।
News Wani
