करिया पठवा पहाड़ के पास मुठभेड़; फर्जी नंबर प्लेट लगाकर गाड़ियाँ बेचने वाले गैंग की 5 चोरियों का पर्दाफाश
महोबा। कोतवाली नगर, स्वाट एवं सर्विलांस की संयुक्त टीम ने बीती रात करिया पठवा पहाड़ के पीछे मुठभेड़ के दौरान अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका दूसरा साथी मौके से दबोच लिया गया। एक अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की 9 मोटरसाइकिलें, 1 ई-रिक्शा, तमंचा-कारतूस, नकदी व किराना सामान बरामद किया है।
एसपी शशांक सिंह के निर्देशन और एएसपी वंदना सिंह व सीओ सिटी रविकांत गोंड के पर्यवेक्षण में बीती रात पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। कब्रिस्तान के समीप छिपे बदमाशों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में शातिर चोर सुजीत पटेरिया (25) घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से उसके साथी संतोष नामदेव (22) को गिरफ्तार किया गया, जबकि फरार राजेश नामदेव की तलाश जारी है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चोरी की गाड़ियों को ठिकाने लगाने की फिराक में थे। गत 15 सितंबर की रात उन्होंने रॉयल पैलेस के पास एक गुमटी का ताला तोड़कर सामान चोरी किया था और उसे ई-रिक्शा में लादकर ले गए थे। बरामद 9 मोटरसाइकिलों में से 05 गाड़ियों के नंबर प्लेट व चेसिस नंबर से छेड़छाड़ की गई थी।
प्रभारी निरीक्षक बीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि घायल अभियुक्त सुजीत पटेरिया पर गैंगस्टर, एनडीपीएस, चोरी व आर्म्स एक्ट के 28 गंभीर मामले दर्ज हैं। इस गिरोह की गिरफ्तारी से शहर के 5 मुकदमों का सफल अनावरण हुआ है। मुठभेड़ के संबंध में पुलिस ने बीएनएस व आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
सफलता हासिल करने वाली टीम में कोतवाली प्रभारी बीरेंद्र प्रताप सिंह, स्वाट/सर्विलांस प्रभारी शिवप्रताप सिंह, एसआई सनय कुमार, एसआई विवेक यादव व पुलिस बल शामिल रहा।
News Wani
