Breaking News

फतेहपुर में श्रीराम लाइफ इंश्योरेंस के नाम पर ठगी का आरोप, पुलिस चौकी पहुंचा मामला, गिफ्ट कूपन के बहाने ऑफिस बुलाकर स्कीम में रुपये जमा कराने का आरोप, पीड़ितों ने दी लिखित शिकायत

 

मोहम्मद आरिफ़

फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के आबूनगर में श्रीराम लाइफ इंश्योरेंस के नाम पर लोगों से रुपये जमा कराने और कथित तौर पर भ्रामक दावे करने का मामला सामने आया है। पीड़ितों ने पुलिस को लिखित शिकायती पत्र देकर पूरे मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है। हालांकि लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पीड़ित अभिषेक शर्मा और अनुराग तिवारी निवासी बलेसर गून समेत अन्य लोगों का आरोप है कि पेट्रोल पंप और बस स्टॉप के आसपास शादीशुदा जोड़ों को गिफ्ट कूपन देने के नाम पर रोककर उनका नाम-पता और संपर्क विवरण लिया जाता है। इसके बाद उन्हें इंटरव्यू और सम्मान के बहाने आबूनगर स्थित एक कार्यालय में बुलाया जाता है।
पीड़ितों का आरोप है कि कार्यालय में गुड़िया सोनी नाम की महिला मैनेजर और पांच-छह युवतियों की टीम द्वारा विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाती है। आरोप है कि दो लाख रुपये जमा करने पर सालाना 40 हजार रुपये मिलने, बच्चों की ग्रेजुएशन तक मुफ्त पढ़ाई, विदेश में पढ़ाई तथा टूर जैसी सुविधाओं की बात कही गई। पीड़ितों का दावा है कि उन्हें कंपनी के स्कूल-कॉलेज दुबई तक होने की बात भी बताई गई। उनका कहना है कि जब उन्होंने लखनऊ और दिल्ली में ऐसे संस्थानों के बारे में जानकारी तलाशने का प्रयास किया तो उन्हें संबंधित कॉलेज नहीं मिले।
शिकायतकर्ताओं के मुताबिक बातचीत के आखिर में कथित तौर पर कहा गया कि उसी दिन 30 हजार रुपये जमा करने पर ही विशेष ऑफर मिलेगा और एक हजार लोगों में से केवल 25 लोगों का चयन किया गया है। पीड़ितों का आरोप है कि इस तरह कई लोगों से 25 से 35 हजार रुपये तक ऑनलाइन स्कैन कराकर जमा कराए गए। उनका कहना है कि दी गई रसीद पर रकम को नॉन-रिफंडेबल बताए जाने के बाद उन्हें संदेह हुआ।
मामला पुलिस चौकी पहुंचने के बाद संबंधित महिला मैनेजर को पुलिस द्वारा बुलाए जाने की बात शिकायतकर्ताओं ने कही है। पीड़ित पक्ष के अनुसार महिला ने जमाकर्ताओं की धनराशि वापस कराने का आश्वासन दिया। पीड़ितों के साथ पहुंचे अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि पूरे मामले की गहन जांच की आवश्यकता है और यह भी पता लगाया जाना चाहिए कि संबंधित कार्यालय वास्तव में किस संस्था अथवा कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि के रूप में कार्य कर रहा है।
पीड़ितों ने पुलिस को लिखित शिकायती पत्र देकर आरोपों की जांच, जमा कराई गई धनराशि वापस दिलाने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक श्रीराम लाइफ इंश्योरेंस कंपनी का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया था। कंपनी अथवा संबंधित कार्यालय का पक्ष मिलने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।

About NW-Editor

Check Also

बिंदकी समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं 213 शिकायतें, 27 मामलों का मौके पर निस्तारण

बिंदकी समाधान दिवस में 213 शिकायतें पहुंचीं, 27 का मौके पर निस्तारण; 186 मामलों पर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *