न्यूजीलैंड की टीम में सात तेज गेंदबाजों को शामिल किया गया है। वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ फाइनल खेलने वाली टीम के 13 खिलाड़ियों को इस दौरे के लिए बरकरार रखा गया है। माइकल ब्रेसवेल और एडम मिल्ने चोट के कारण पिछला T20 वर्ल्ड कप नहीं खेल सके थे, लेकिन अब दोनों की टीम में वापसी हुई है।
एक साल से ज्यादा समय बाद मिल्ने की वापसी
34 वर्षीय एडम मिल्ने ने न्यूजीलैंड के लिए अपना पिछला इंटरनेशनल मुकाबला जिम्बाब्वे के खिलाफ खेला था। उनके नाम 243 T20 मैचों का अनुभव है, जिसमें 56 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले शामिल हैं। उनके अलावा लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, काइल जैमीसन और जैकब डफी जैसे तेज गेंदबाज भी टीम में हैं।
जैक फॉल्क्स और नेथन स्मिथ को भी पेस अटैक में जगह मिली है। न्यूजीलैंड ने आगामी सीरीज के लिए अपने तेज गेंदबाजी विकल्पों को मजबूत रखा है।
कंधे की चोट के कारण रचिन रवींद्र बाहर
रचिन रवींद्र दाएं कंधे की चोट के चलते पांच मैचों की T20 सीरीज में नहीं खेल पाएंगे। हाल ही में एक प्रमोशनल शूट के दौरान उनका कंधा डिस्लोकेट हो गया था। उनके पूरी तरह फिट होने में करीब छह सप्ताह का समय लग सकता है।
रचिन 4 नवंबर से ऑकलैंड के ईडन पार्क में शुरू होने वाली वनडे सीरीज के दौरान टीम में वापसी करने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। वहीं तेज गेंदबाज बेन सीअर्स भी टखने की चोट से उबर रहे हैं और उन्हें T20 टीम में शामिल नहीं किया गया है।
फिन एलेन और टिम सीफर्ट संभाल सकते हैं ओपनिंग की जिम्मेदारी
T20 वर्ल्ड कप के बाद फिन एलेन और टिम सीफर्ट एक बार फिर न्यूजीलैंड के लिए पारी की शुरुआत करते नजर आ सकते हैं। वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एलेन ने 33 गेंदों पर नाबाद शतक लगाया था।
टिम सीफर्ट ने हाल ही में द हंड्रेड टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए 168 के स्ट्राइक रेट से 394 रन बनाए। उनके प्रदर्शन के लिए उन्हें टूर्नामेंट का प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया।
22 अक्टूबर से शुरू होगी T20 सीरीज
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की T20 सीरीज का पहला मुकाबला 22 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेला जाएगा। पूरी सीरीज 11 दिनों के भीतर चार अलग-अलग शहरों में आयोजित होगी।
T20 सीरीज के बाद दोनों टीमों के बीच पांच वनडे और दो टेस्ट मैच भी खेले जाएंगे। न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुताबिक भारत के 12 मैचों के पूरे दौरे को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह है और पहले T20 से करीब एक महीने पहले ही 76 हजार से अधिक टिकट बिक चुके हैं।
न्यूजीलैंड की 16 सदस्यीय T20 टीम
मिचेल सेंटनर (कप्तान), फिन एलेन, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, जैक फॉल्क्स, मैट हेनरी, बेवोन जैकब्स, काइल जैमीसन, एडम मिल्ने, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, टिम सीफर्ट और नेथन स्मिथ।
News Wani
