लखनऊ। मोहनलालगंज क्षेत्र में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान सई नदी में डूबे तीन युवकों की तलाश बुधवार को पूरी हो गई। एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों के संयुक्त सर्च ऑपरेशन में धीरज (35), हरिप्रसाद (40) और प्रमोद (22) के शव बरामद कर लिए गए। तीनों युवक मंगलवार शाम गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए नदी पर पहुंचे थे।
घटना जबरैला पुल के पास की है। सिसेंडी गांव से लोग गणेश प्रतिमा लेकर नदी में विसर्जन करने पहुंचे थे। इसी दौरान धीरज नदी के गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उन्हें बचाने के प्रयास में हरिप्रसाद भी पानी में उतर गए। इसी बीच प्रमोद भी नदी में पहुंच गए और देखते ही देखते तीनों युवक नदी की धारा में लापता हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने नाव और बचाव उपकरणों के साथ सर्च ऑपरेशन शुरू किया। अंधेरा होने के बावजूद रातभर नदी में तलाश जारी रही।
तीन किलोमीटर के दायरे में चला सर्च ऑपरेशन
एसडीआरएफ की टीमों ने नदी में कई घंटे तक तलाश की। बुधवार सुबह पहले धीरज और हरिप्रसाद के शव बरामद हुए। इसके बाद तीसरे युवक प्रमोद की तलाश के लिए अभियान और तेज किया गया।
करीब तीन किलोमीटर के क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाने के बाद सुबह करीब 11:45 बजे प्रमोद का शव भी बरामद कर लिया गया। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय गोताखोर भी रेस्क्यू में शामिल
रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ के साथ छह स्थानीय गोताखोर भी शामिल रहे। टीम ने नाव, कांटा, लाइफ जैकेट और अन्य बचाव उपकरणों की मदद से नदी में तलाश की। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद रहे और बचाव अभियान की निगरानी करते रहे।
दो मृतकों की पत्नियां गर्भवती
हादसे के बाद तीनों परिवारों में मातम पसरा है। धीरज की पत्नी अनिता करीब तीन महीने की गर्भवती हैं। वहीं हरिप्रसाद की पत्नी श्यामावती भी गर्भवती बताई गई हैं। हरिप्रसाद के परिवार में उनके बच्चे भी हैं।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे पहुंच गए। परिवार के लोग देर रात तक अपने परिजनों के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए बैठे रहे।
मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते थे
बताया गया कि धीरज, हरिप्रसाद और प्रमोद मजदूरी का काम करते थे और अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। अचानक हुए हादसे से तीनों परिवारों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर मौजूद लोगों से बातचीत की और उन्हें सर्च ऑपरेशन के बारे में जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक नदी की धारा की दिशा में भी लगातार तलाश की गई और एसडीआरएफ की टीमें पूरी तरह रेस्क्यू अभियान में जुटी रहीं।
News Wani
