Breaking News

बांग्लादेश में हिंसा का तांडव: यूनुस के पुश्तैनी घर और बैंक शाखाओं में आगजनी, ढाका में बम धमाकों से तनाव

ढाका। बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव एक बार फिर हिंसक रूप लेता दिखाई दे रहा है। अवामी लीग की ओर से देशव्यापी बंद के ऐलान के बीच राजधानी ढाका समेत कई जिलों में हिंसा, आगजनी और बम धमाकों की घटनाएं सामने आई हैं। प्रदर्शनकारियों ने पूर्व अंतरिम सरकार प्रमुख मोहम्मद यूनुस के चटगांव स्थित पुश्तैनी घर को आग के हवाले कर दिया। इसके अलावा ग्रामीण बैंक की कई शाखाओं में भी आगजनी की गई।

राजधानी ढाका में सुबह होने से पहले कई स्थानों पर देसी बम धमाके हुए। वहीं, शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के दो नेताओं के घरों को भी निशाना बनाया गया। दूसरी ओर, बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) से जुड़े कार्यालयों और नेताओं की संपत्तियों पर हमले की खबरें भी सामने आई हैं।

ढाका में 565 लोगों की गिरफ्तारी

देशव्यापी बंद के मद्देनजर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस ने पिछले 24 घंटे के दौरान ढाका में 565 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की सरकार में शिक्षा मंत्री रह चुके नुरुल इस्लाम नाहिद भी शामिल हैं। उन्हें बुधवार देर रात उनके आवास से हिरासत में लिया गया।

अवामी लीग ने यह बंद पिछले वर्ष विशेष ट्रिब्यूनल द्वारा शेख हसीना को सुनाई गई मौत की सजा के फैसले की बरसी के अवसर पर बुलाया है। हसीना पर जुलाई 2024 के छात्र आंदोलन को दबाने के दौरान मानवता के खिलाफ अपराध करने के आरोप लगाए गए थे।

28 जिलों तक पहुंची हिंसा की आंच

पिछले दो दिनों में बांग्लादेश के 28 जिलों में देसी बम धमाकों, वाहनों में आग लगाने और राजनीतिक कार्यालयों को निशाना बनाने की घटनाएं हुई हैं। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, BNP के कम से कम दो कार्यालयों और एक नेता के घर में आग लगाई गई। वहीं, अवामी लीग के दो पार्टी कार्यालयों और नेताओं से जुड़ी पांच संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचाया गया।

हालात को देखते हुए ढाका के प्रमुख फ्लाईओवर और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही सुरक्षा एजेंसियां उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी हैं।

प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने की एकजुटता की अपील

प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने राजनीतिक दलों और लोकतांत्रिक संगठनों से अवामी लीग की दोबारा सक्रियता रोकने के लिए एकजुट होने की अपील की है। संसद में अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 की तरह सभी लोकतांत्रिक ताकतों को मिलकर ऐसी राजनीतिक शक्तियों का मुकाबला करना होगा।

उन्होंने BNP के सांसदों को अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में जाकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सक्रिय रहने का निर्देश भी दिया। उनका कहना था कि केवल सरकारी व्यवस्था के भरोसे रहने के बजाय स्थानीय स्तर पर भी राजनीतिक कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

शेख हसीना की वापसी के बयान से बढ़ा राजनीतिक तनाव

बांग्लादेश में 5 अगस्त 2024 को छात्र आंदोलन के बाद शेख हसीना की सरकार गिर गई थी। इसके बाद मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व में अंतरिम सरकार का गठन हुआ था। इस दौरान अवामी लीग की राजनीतिक गतिविधियों पर रोक लगाई गई और पार्टी के कई नेताओं तथा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया।

शेख हसीना फिलहाल भारत में रह रही हैं। उन्होंने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने और वहां की कानूनी प्रक्रिया का सामना करने की इच्छा जताई है। उनकी वापसी से जुड़े बयानों के बाद देश में राजनीतिक गतिविधियां तेज हुई हैं और तनाव का माहौल बना हुआ है।

तुंगीपारा से शुरू हुआ विवाद

रिपोर्टों के मुताबिक, हिंसा की शुरुआत शेख हसीना के गृहनगर तुंगीपारा से हुई। मंगलवार को अवामी लीग का समर्थक होने के संदेह में कुछ युवाओं को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद सैकड़ों लोगों ने स्थानीय पुलिस थाने का घेराव कर दिया। बताया गया कि उस समय थाने में करीब 30 संदिग्ध कार्यकर्ता हिरासत में थे।

गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने हिंसा में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरोपियों की पहचान के लिए ऑडियो और वीडियो साक्ष्यों की मदद ली जाएगी।

बांग्लादेश में लगातार बिगड़ते हालात के बीच सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। राजनीतिक दलों के बीच बढ़ती तनातनी और हिंसक घटनाओं ने देश की कानून-व्यवस्था को लेकर नई चिंताएं पैदा कर दी हैं।

About NW-Editor

Check Also

एनवीडिया में CEO की वापसी को लेकर बढ़ी हलचल, जेन्सन हुआंग के समर्थन में उतरे इलॉन मस्क समेत कई दिग्गज

दुनिया की प्रमुख AI चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया में नेतृत्व को लेकर चर्चाएं तेज हो …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *