- जांच में पानी में कोलीफार्म व ई.कोलाई बैक्टीरिया की पुष्टि, 70 बच्चे भी प्रभावित
- निवासियों ने रखरखाव में लापरवाही का लगाया आरोप, सुरक्षित पेयजल की मांग तेज
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित एक आवासीय सोसायटी में दूषित पेयजल की आपूर्ति के कारण 100 से अधिक लोगों के बीमार होने का मामला सामने आया है। प्रभावित लोगों में लगभग 70 बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद सोसायटी में रहने वाले सैकड़ों परिवारों में चिंता का माहौल है।
निवासियों के अनुसार पिछले दो माह से पेयजल की गुणवत्ता को लेकर लगातार शिकायतें की जा रही थीं। बीते कुछ दिनों में उल्टी, दस्त, पेट दर्द और बुखार जैसी समस्याओं के मामलों में तेजी आई, जिसके बाद पानी के नमूनों की जांच कराई गई।
जांच रिपोर्ट में पानी में कोलीफार्म और ई.कोलाई बैक्टीरिया की मौजूदगी पाई गई, जिससे यह पानी पीने योग्य नहीं माना गया। इन बैक्टीरिया को जलजनित बीमारियों का प्रमुख कारण माना जाता है।
बीमारी के बढ़ते मामलों के बाद अधिकांश परिवार अब आरओ के पानी को भी उबालकर पीने के लिए मजबूर हैं। कई निवासियों ने आरोप लगाया कि समय पर ओवरहेड टैंकों की सफाई और नियमित जल परीक्षण नहीं कराया गया, जिससे स्थिति गंभीर हो गई।
सोसायटी प्रबंधन का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद पानी की जांच कराई गई और रिपोर्ट संबंधित प्राधिकरण को भेज दी गई है। प्रबंधन ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि बारिश के मौसम में टैंकों की सफाई करना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है तथा मौसम अनुकूल होने पर सफाई अभियान शुरू कराया जाएगा।
News Wani
