भावनगर। गुजरात के भावनगर-सोमनाथ नेशनल हाईवे पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में 7 लोगों की जान चली गई। हादसा शिव शक्ति होटल के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बोलेरो एसयूवी सड़क किनारे खड़े ट्रेलर के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर के अगले पहिए भी टूटकर अलग हो गए।
बोलेरो में अलंग शिपयार्ड के 7 कर्मचारी सवार थे। सभी कर्मचारी काम के सिलसिले में भावनगर से अलंग शिपयार्ड जा रहे थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
टक्कर इतनी भीषण कि ट्रेलर के पहिए टूटे
हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बोलेरो की टक्कर के बाद भारी ट्रेलर भी अपनी जगह से कुछ इंच खिसक गया। टक्कर के कारण ट्रेलर के अगले पहिए टूटकर अलग हो गए।
वहीं बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों और रेस्क्यू टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
6 लोगों ने मौके पर तोड़ा दम
हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल को अस्पताल ले जाया गया। इलाज शुरू होने से पहले ही उसकी भी मौत हो गई। मृतकों की पहचान विजयभाई चंदुभाई वोरा, पीयूषभाई बिपिनचंद्र शाह, प्रितेशभाई बिपिनचंद्र भयाणी, भार्गवभाई गोसाई, हिरेनभाई मेहता, योगेशभाई शाह और जयेशभाई हिम्मतभाई वसानी के रूप में हुई है।
CCTV में कैद हुई टक्कर
हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है। इसमें तेज रफ्तार बोलेरो सड़क के बाईं ओर खड़े ट्रेलर से टकराती दिखाई दे रही है। टक्कर के बाद ट्रेलर कुछ दूरी तक खिसक गया और उसमें बैठा ड्राइवर नीचे गिर गया।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को बाहर निकलवाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की परिस्थितियों और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
News Wani
