Breaking News

होर्मुज स्ट्रेट में व्यापारिक जहाज पर हमला, 11 भारतीय नाविक घायल; भारत ने तत्काल हमले रोकने की मांग की

मस्कट। ओमान के पास स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में एक व्यापारिक जहाज को निशाना बनाए जाने से 12 क्रू मेंबर घायल हो गए। इनमें 11 भारतीय नाविक शामिल हैं। भारत ने समुद्री मार्गों पर हो रहे हमलों की कड़ी निंदा करते हुए इन्हें तत्काल रोकने की मांग की है।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, पनामा के झंडे वाला व्यापारिक जहाज एमटी ऑन पीस ओमान के तट से गुजर रहा था। इसी दौरान जहाज पर एक प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया। जहाज पर कुल 19 लोग सवार थे, जिनमें 17 भारतीय नागरिक थे।

ओमानी अधिकारियों की मदद से सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। उन्हें ओमान के खासाब में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। भारत ने क्षेत्र में व्यापारिक जहाजों और नाविकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है।

छह महीने में 100 से ज्यादा भारतीय नाविक प्रभावित

रिपोर्ट के मुताबिक, फरवरी से अब तक होर्मुज क्षेत्र में हुए हमलों से 100 से ज्यादा भारतीय नाविक प्रभावित हो चुके हैं। इन घटनाओं में 11 भारतीय नाविकों की मौत भी हुई है। लगातार हो रहे हमलों ने खाड़ी क्षेत्र में समुद्री व्यापार और नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

खाड़ी क्षेत्र में 4,500 से ज्यादा भारतीय नाविक

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, फारस की खाड़ी और आसपास के इलाकों में 4,500 से अधिक भारतीय नाविक अलग-अलग कमर्शियल जहाजों पर काम कर रहे हैं। होर्मुज स्ट्रेट के पश्चिम में भारत के झंडे वाले 6 कमर्शियल जहाज मौजूद हैं।

इसके अलावा 6 विदेशी झंडे वाले जहाज भी भारत के लिए सामान लेकर इस क्षेत्र से गुजर रहे हैं। इन 12 जहाजों पर करीब 163 भारतीय नाविक सवार हैं। भारत का शिपिंग मंत्रालय इन जहाजों की आवाजाही और नाविकों की सुरक्षा पर लगातार नजर रख रहा है।

समुद्री हमलों का मुद्दा अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी उठा

भारत ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में भी कमर्शियल जहाजों और नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया था। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा था कि होर्मुज स्ट्रेट, रेड सी और ब्लैक सी जैसे समुद्री मार्गों में जहाजों और नाविकों पर हमले गंभीर चिंता का विषय हैं।

भारत ने समुद्री मार्गों पर तनाव कम करने, संयम बरतने और कमर्शियल जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने की अपील की है। सरकार का कहना है कि समुद्र में हिंसा और नाविकों की जान का नुकसान किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।

About NW-Editor

Check Also

फ्लाईदुबई फ्लाइट में को-पायलट के इतिहास पर उठे सवाल, पहले भी सामने आई थी कट्टरपंथी गतिविधि

वॉशिंगटन डीसी। फ्लाईदुबई की दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट में कॉकपिट के अंदर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *