Breaking News

फतेहपुर में पुलिस-बदमाश मुठभेड़: एक लाख का इनामी हिस्ट्रीशीटर घायल, तीन आरोपी गिरफ्तार

फतेहपुर। गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रहे एक लाख रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर और पुलिस के बीच सोमवार देर रात हथगांव थाना क्षेत्र के पट्टीशाह गांव में मुठभेड़ हो गई। धोबी तालाब के किनारे बाग में हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक लाख रुपये के इनामी रियाज कुरैशी और उसका साथी इसरार कुरैशी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों के पैर में गोली लगी, जिन्हें पुलिस ने तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, अंधेरे का फायदा उठाकर भागने का प्रयास कर रहे तीन अन्य आरोपियों को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार, 7/8 सितंबर की रात थाना हथगांव पुलिस को गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित आरोपियों के मौजूद होने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम ने पट्टीशाह गांव के पास धोबी तालाब किनारे स्थित बाग में घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।

मुठभेड़ के दौरान रियाज कुरैशी के दाहिने पैर और इसरार कुरैशी के बाएं पैर में गोली लगी। गोली लगते ही दोनों बदमाश घायल होकर गिर पड़े। पुलिस ने उन्हें कब्जे में लेकर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

मुठभेड़ के दौरान मौके से कुछ आरोपी भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस टीम ने चारों तरफ से घेराबंदी कर तीन आरोपियों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शंकर साहू निवासी पट्टीशाह, रेहान उर्फ छोटू निवासी बाकिरगंज और गनीफ निवासी पीरनपुर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और मौके से 315 बोर के दो देशी तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दो खोखे, एक चोरी की मोटरसाइकिल तथा घटना में प्रयुक्त एक अन्य बाइक बरामद की है। इसके अलावा लोहे का चापड़, दो लोहे के चाकू, लकड़ी का चौकोर डंडा, पीले रंग की त्रिपाल, तीन रस्सी/डोरी और काली पॉलीथिन का पैकेट भी बरामद हुआ है। पुलिस ने मौके से एक जीवित गोवंश बरामद किए जाने की भी जानकारी दी है।

पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में घायल रियाज कुरैशी थाना हथगांव में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ विभिन्न थानों के अलावा अन्य जनपदों में भी 33 से अधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं, घायल इसरार कुरैशी के खिलाफ भी 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे से जुड़ी थी कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, पूरी कार्रवाई थाना हथगांव में दर्ज मु0अ0सं0 148/2025, धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट से संबंधित आरोपियों की तलाश के क्रम में की गई। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल आरोपियों को उपचार के लिए भेजने के साथ गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस गिरोह के नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य आपराधिक मामलों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

About NW-Editor

Check Also

अधूरी सड़क बनी राहगीरों के लिए मुसीबत, बारिश में बढ़ी आवाजाही की दिक्कत

फतेहपुर। कस्बे के हाईवे किनारे बनाई जा रही सड़क का निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *