फतेहपुर। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदान स्थलों के प्रस्ताव को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद के सभी सहायक रिटर्निंग अधिकारियों के साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक की शुरुआत उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने की। इस दौरान स्नातक निर्वाचन को लेकर मतदान स्थलों की व्यवस्था, मतदाताओं की सुविधा और आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अलग से बूथ बनाए जाने की मांग रखी।
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार संबंधित तहसील के सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा प्रस्तावित व्यवस्थाओं की जांच की जाएगी। जांच के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि मतदान स्थलों में किसी प्रकार का परिवर्तन कराने अथवा कोई सुझाव देने की स्थिति में वे 23 सितंबर तक संबंधित उप जिलाधिकारी अथवा पदाभिहित अधिकारी के समक्ष लिखित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर सकते हैं। प्राप्त सुझावों और आपत्तियों का स्थलीय जांच के बाद नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा।
बैठक में मतदान स्थलों को मतदाताओं के लिए सुविधाजनक बनाने और निर्वाचन प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा, सुगम पहुंच और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
अंत में जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सहभागिता के लिए धन्यवाद दिया और बैठक समाप्त की।
News Wani
