पृथ्वी शॉ और आकृति अग्रवाल का रिश्ता खत्म हो गया है। दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला लिया है। आकृति अग्रवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि दोनों के भविष्य के लक्ष्य और परिस्थितियां अलग होने के कारण उन्होंने यह निर्णय लिया।
आकृति ने अपने पोस्ट में लोगों से उनकी निजी जिंदगी और फैसले का सम्मान करने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले को लेकर किसी तरह की अटकलें न लगाई जाएं।
प्यार और परवाह के बावजूद अलग होने का फैसला
आकृति अग्रवाल ने अपनी पोस्ट में कहा कि दोनों के बीच एक-दूसरे के लिए प्यार और परवाह है, लेकिन उन्होंने यह महसूस किया कि उनकी जिंदगी की राहें अब एक साथ आगे नहीं बढ़ सकतीं। इसी समझ के बाद दोनों ने मिलकर अलग होने का फैसला किया।
उन्होंने लोगों से इस फैसले को समझने और उनकी निजता का सम्मान करने के लिए धन्यवाद भी दिया।
जुलाई में सोशल मीडिया पोस्ट के बाद शुरू हुई थी चर्चा
जुलाई 2026 के शुरुआती दिनों में आकृति ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर की थी, जिसके बाद उनके और पृथ्वी शॉ के रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाएं शुरू हो गई थीं। उस पोस्ट में उन्होंने धोखे और अफवाहों से जुड़ी बात लिखी थी।
इसके बाद दोनों के रिश्ते में दरार की अटकलें लगाई जाने लगीं। सोशल मीडिया पर दोनों के एक-दूसरे को अनफॉलो करने की बातें भी सामने आई थीं। हालांकि, बाद में आकृति ने स्पष्ट किया था कि उनकी वह पोस्ट पृथ्वी शॉ से संबंधित नहीं थी।
मार्च 2026 में हुई थी दोनों की सगाई
पृथ्वी शॉ और आकृति अग्रवाल ने 8 मार्च 2026 को सगाई की थी। पृथ्वी ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर अपने रिश्ते की जानकारी सार्वजनिक की थी। सगाई के करीब छह महीने बाद अब दोनों ने अलग होने का फैसला किया है।
पृथ्वी शॉ का क्रिकेट करियर भी रहा चर्चा में
पृथ्वी शॉ ने 2018 में अपनी कप्तानी में भारतीय टीम को अंडर-19 विश्व कप जिताया था। इसी साल उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया और अपने पहले ही टेस्ट में शतक जड़कर शानदार शुरुआत की।
इसके बाद उनके करियर में उतार-चढ़ाव भी देखने को मिले। 2025 में उन्होंने मुंबई छोड़कर महाराष्ट्र की टीम का रुख किया और बूची बाबू टूर्नामेंट में अपने डेब्यू मैच में शतक लगाया। IPL 2026 की नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 75 लाख रुपये में खरीदा था।
आकृति अग्रवाल सोशल मीडिया पर भी लोकप्रिय
आकृति अग्रवाल मॉडल, एक्ट्रेस और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर के तौर पर जानी जाती हैं। उन्होंने कंटेंट क्रिएशन से अपने करियर की शुरुआत की और इंस्टाग्राम व यूट्यूब पर व्लॉग, शॉर्ट वीडियो और फोटोशूट के जरिए पहचान बनाई।
रिपोर्ट के मुताबिक, उनके यूट्यूब चैनल पर 90 हजार से अधिक सब्सक्राइबर्स हैं। वह तेलुगु फिल्म ‘त्रिमुखा’ में भी नजर आ चुकी हैं, जो 30 जनवरी को रिलीज हुई थी।
News Wani
