Breaking News

फतेहपुर में बारिश ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें, कई इलाकों में जलभराव और जर्जर सड़कों से परेशानी

फतेहपुर। जिले में थोड़ी सी बारिश होते ही शहर के कई प्रमुख इलाकों में जलभराव की समस्या सामने आ गई। कचहरी, तांबेश्वर मार्ग, अरबपुर, पीरनपुर सहित शहर के अधिकांश हिस्सों में जलभराव के कारण आम नागरिकों, व्यापारियों, राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

यह बात बहुजन समाज पार्टी के नगर अध्यक्ष गाजी अब्दुर्रहमान गनी ने कही। उन्होंने कहा कि बारिश के बाद जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से शहर की सड़कों पर पानी जमा हो गया। इससे नगर की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को लेकर नगर पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

वहीं, शहर के कई प्रमुख मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में हैं। ज्वालागंज-राधानगर मार्ग, पटेल नगर से सादिपुर मार्ग समेत अनेक स्थानों पर सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। स्थिति यह है कि कई जगह यह समझना मुश्किल हो जाता है कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क।

उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में सांसद समाजवादी पार्टी से हैं और सदर विधायक तथा नगर पालिका चेयरमैन भी समाजवादी पार्टी से हैं, जबकि केंद्र और प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। इसके बावजूद शहर की सड़क, जल निकासी और बुनियादी नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का प्रभावी समाधान नहीं हो पाना जनहित का गंभीर विषय है।

बहुजन समाज पार्टी की मांग है कि शासन-प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए फतेहपुर शहर की जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त कराने, जलभराव वाले स्थानों पर स्थायी समाधान करने तथा जर्जर सड़कों की गुणवत्ता के साथ शीघ्र मरम्मत और पुनर्निर्माण की कार्रवाई सुनिश्चित करे।

उन्होंने कहा कि जनता को बेहतर सड़कें, सुचारु जल निकासी और सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराना शासन-प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए जनहित में तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।

About NW-Editor

Check Also

खागा में राज्य पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक आनंद कुमार मिश्र का हुआ सम्मान, शिक्षकों ने जताया गर्व

खागा, फतेहपुर। ब्लॉक संसाधन केंद्र ऐरायां में सम्मान समारोह का आयोजन खंड शिक्षा अधिकारी रत्नमणि …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *