फतेहपुर। विकास भवन सभागार में बुधवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनय पांडेय की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में किसानों ने बिजली, सिंचाई, ट्रांसफार्मर, अन्ना मवेशियों समेत विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ किसानों की शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने का भरोसा दिलाया।
बैठक का संचालन करते हुए उप कृषि निदेशक राम जनम मिश्र ने पिछले किसान दिवस की बैठक में प्राप्त शिकायतों पर हुई कार्रवाई की जानकारी किसानों को दी। कृषि रक्षा अनुभाग के वरिष्ठ प्राविधिक सहायक शैलेश कुमार ने खरीफ फसलों में धान, अरहर, तिल, ज्वार, बाजरा सहित दलहनी और तिलहनी फसलों में कीट एवं खरपतवार नियंत्रण के उपायों की जानकारी दी।
जिला कृषि अधिकारी नरोत्तम कुमार ने रबी फसलों के लिए कृषि निवेश और बीज की उपलब्धता के बारे में जानकारी देते हुए किसानों से राजकीय कृषि बीज भंडारों से अधिक से अधिक बीज खरीदने की अपील की। उद्यान निरीक्षक सुनील कुमार ने उद्यान विभाग की योजनाओं और आधुनिक कृषि तकनीकों के बारे में किसानों को बताया।
किसान दिवस में कोरारी निवासी बाबू सिंह ने बहुआ पावर हाउस क्षेत्र में लो-वोल्टेज की समस्या दूर कराने और नया पावर हाउस बनवाने की मांग रखी। हसवा ब्लॉक के सीतापुर निवासी शिवधेश मौर्य ने गांव में लगे 63 केवीए ट्रांसफार्मर के स्थान पर 100 केवीए का ट्रांसफार्मर लगवाने तथा उससे जुड़े निजी नलकूप के कनेक्शन को हटाने की मांग की।
मलवां ब्लॉक के भाऊपुर निवासी रज्जन सिंह ने अन्ना मवेशियों को गौशालाओं में संरक्षित कराने की मांग उठाई। वहीं प्रेमसागर मिश्र ने जगतपुर आदिल गांव में विद्युत आपूर्ति की समस्या दूर करने तथा निजी नलकूपों के कनेक्शन कृषि फीडर से जोड़ने की मांग रखी।
उप कृषि निदेशक राम जनम मिश्र ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया जाए और उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
बैठक में सिंचाई, निचली गंगा नहर, विद्युत, नलकूप, सहकारिता, ड्रेनेज, मत्स्य, पशुपालन, जल निगम ग्रामीण, खाद्य एवं विपणन समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। किसानों में लोकनाथ पांडेय, बाबू सिंह, रणविजय सिंह, रज्जन सिंह, शिवधेश मौर्य और प्रेमसागर मिश्र सहित अन्य किसान उपस्थित रहे।
News Wani
