Breaking News

फतेहपुर में बारिश के बाद पुरानी जीटी रोड पर लगा भीषण जाम, एंबुलेंस और स्कूली बसें फंसीं

फतेहपुर। बुधवार को दोपहर हुई करीब आधे घंटे की मूसलाधार बारिश ने शहर की यातायात व्यवस्था को पटरी से उतार दिया। बारिश थमने के बाद सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने और सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण पुरानी जीटी रोड समेत प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति बन गई। ज्वालागंज से सदर अस्पताल तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। करीब पांच मिनट का सफर तय करने में लोगों को आधे घंटे से अधिक समय लग गया।

बुधवार सुबह आम दिनों की तरह धूप खिली हुई थी, लेकिन दोपहर करीब 12 बजे अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। करीब आधे घंटे तक हुई बारिश के बाद शहर के कई स्थानों पर सड़क और गलियों में जलभराव हो गया। बारिश रुकते ही सड़कों पर वाहनों की संख्या बढ़ गई।

इसी बीच सदर अस्पताल तिराहे से बाकरगंज तक सड़क के दोनों ओर गलत तरीके से खड़े चार पहिया वाहनों ने यातायात की समस्या और बढ़ा दी। स्कूलों की छुट्टी का समय होने के कारण कई स्कूली बसें भी एक साथ पुरानी जीटी रोड पर पहुंच गईं। पुरानी तहसील के पास जलभराव और वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग के चलते एक स्कूली बस के साथ मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस भी जाम में फंस गई।

एंबुलेंस के जाम में फंसने से उसे निकालने में पुलिस कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। जाम में फंसे छोटे-छोटे बच्चे भी परेशान नजर आए। सूचना मिलने पर यातायात पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और व्यवस्था संभालने में जुट गए। अन्य पुलिस कर्मियों ने भी मोर्चा संभालते हुए वाहनों को एक-एक कर निकालना शुरू किया। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका।

राहगीरों ने सड़क के दोनों ओर गलत तरीके से खड़े वाहनों पर नाराजगी जताते हुए इन्हें जाम का प्रमुख कारण बताया। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान जलभराव और बेतरतीब पार्किंग के कारण पुरानी जीटी रोड पर अक्सर यातायात प्रभावित होता है।

About NW-Editor

Check Also

विजयपुर सरकारी अस्पताल में मरीजों को बाहर से दवा खरीदने का आरोप, 800 रुपये तक का खर्च उठाने को मजबूर

खागा, फतेहपुर। विजयपुर स्थित सरकारी अस्पताल में मरीजों को चिकित्सकों द्वारा बाहर से दवाएं खरीदने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *