फतेहपुर। बाढ़, अतिवृष्टि और चक्रवात से फसलों को हुए नुकसान के बाद आर्थिक सहायता का इंतजार कर रहे किसानों को राहत मिली है। सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर से प्रदेश के नौ लाख से अधिक किसानों के खातों में 493 करोड़ रुपये की कृषि निवेश अनुदान राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की। जिले के 801 किसानों को कुल 28 लाख 12 हजार 290 रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।
कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाया गया। इस दौरान जहानाबाद विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, अयाह शाह विधायक विकास गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
गोरखपुर के योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह एवं सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर किसानों के खातों में अनुदान राशि भेजी। इसके बाद जिले में लाभार्थियों को सहायता राशि के प्रतीकात्मक डेमो चेक वितरित किए गए।
जिले में सहायता पाने वाले किसानों में तहसील बिंदकी के अभयपुर गांव के 517, गलाथा गांव के 151 और कौड़िया गांव के 133 किसान शामिल हैं।
इस मौके पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों तक राहत पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित आवेदनों का जल्द सत्यापन कराकर पात्र किसानों को भी सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए, ताकि फसल नुकसान से प्रभावित किसानों को आर्थिक संबल मिल सके।
News Wani
