Breaking News

कानपुर में थाई महिला का कारोबारी पर गंभीर आरोप: शादी के बाद धर्म बदलने का दबाव, 55 लाख की स्पोर्ट्स बाइकें खरीदने के लिए दिए थे पैसे

कानपुर। कानपुर में एक थाई महिला ने शहर के टेनरी कारोबारी मो. इरफान पर शादी के बाद धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने, मारपीट करने और लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला के मुताबिक, वह करीब चार साल तक इरफान के साथ रिश्ते में रही और दो साल पहले दोनों ने थाई रीति-रिवाज से शादी की थी। महिला का दावा है कि उसने इरफान को उसकी पसंद की महंगी स्पोर्ट्स बाइकें खरीदने के लिए करीब 55 लाख रुपये दिए थे।

महिला मंगलवार को पुलिस अधिकारियों से मिलने कानपुर पहुंची और अपने आरोपों से जुड़े दस्तावेज, शादी की तस्वीरें और अन्य प्रमाण भी पुलिस को सौंपे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने इरफान के खिलाफ धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने, मारपीट और धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

कारोबार के सिलसिले में हुई थी मुलाकात

थाई महिला अपसॉर्न के अनुसार, इरफान कारोबार के सिलसिले में अक्सर थाईलैंड आता-जाता था। इसी दौरान सोशल मीडिया के जरिए दोनों की दोस्ती हुई और बाद में मुलाकातें बढ़ गईं। महिला का कहना है कि करीब चार साल तक दोनों रिश्ते में रहे। इसके बाद इरफान ने उसे शादी के लिए प्रपोज किया।

दोनों ने करीब दो साल पहले थाई रीति-रिवाज से शादी की। महिला ने पुलिस को शादी का कार्ड, तस्वीरें, पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज भी दिखाए हैं।

दो बाइकों के लिए दिए 55 लाख रुपये

महिला ने पुलिस पूछताछ में दावा किया कि इरफान को महंगी गाड़ियों और स्पोर्ट्स बाइक का शौक है। उसके जन्मदिन के मौके पर उसने दो महंगी बाइक खरीदने के लिए पैसे दिए थे। महिला के मुताबिक, पहली बाइक के लिए करीब 21 लाख रुपये और दूसरी बाइक के लिए करीब 34 लाख रुपये दिए गए।

उसका आरोप है कि बाद में जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो इरफान लगातार टालमटोल करता रहा। महिला ने यह भी दावा किया कि इरफान महंगी बाइक चलाते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करता था।

साथ रहने के लिए धर्म परिवर्तन की शर्त का आरोप

अपसॉर्न का आरोप है कि शादी के बाद जब उसने इरफान के साथ भारत में रहने की बात कही तो उसने धर्म परिवर्तन करने के लिए कहा। महिला के मुताबिक, इरफान ने उससे इस्लाम धर्म अपनाने और बुर्का पहनकर रहने की बात कही।

महिला का कहना है कि उसने धर्म बदलने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगा और पैसे वापस मांगने पर कथित तौर पर उसके साथ मारपीट भी की गई।

फरवरी में भारत आया, फिर संपर्क तोड़ने का आरोप

महिला के मुताबिक, इरफान फरवरी 2026 में भारत लौट आया था। शुरुआत में उसने खुद के बीमार होने की बात कही, लेकिन बाद में फोन उठाना बंद कर दिया और उसका नंबर भी ब्लॉक कर दिया।

कई बार संपर्क करने की कोशिश के बाद अपसॉर्न कानपुर पहुंची। वह अपने परिचित के साथ इरफान के घर गई, जहां उसे कथित तौर पर पता चला कि इरफान पहले से शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं।

इसके बाद महिला ने अधिवक्ता के साथ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई।

रेस्टोरेंट गिरवी रखकर भी पैसे देने का दावा

अपसॉर्न ने पुलिस को बताया कि थाईलैंड में उसका रेस्टोरेंट और कैंटीन का कारोबार है। उसने अपने कारोबार से कमाए पैसे इरफान पर खर्च किए। पैसे कम पड़ने पर कथित तौर पर उसने अपना रेस्टोरेंट बैंक में गिरवी रखकर लोन लिया।

महिला का दावा है कि उसने अपनी बहन और रिश्तेदारों से भी पैसे उधार लेकर इरफान को दिए थे। अब वह रकम वापस मांग रही है, लेकिन इरफान ने उससे संपर्क खत्म कर दिया।

कारोबारी की पहले भी हो चुकी है शादी

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि इरफान की पहली शादी वर्ष 2012 में हुई थी और उसके तीन बच्चे हैं। वह जाजमऊ क्षेत्र में टेनरी कारोबार से जुड़ा है।

पुलिस के मुताबिक, महिला की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों और उपलब्ध दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।

इरफान की मां ने आरोपों से किया इनकार

वहीं, इरफान की मां ने थाई महिला के आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि महिला उनके बेटे को ब्लैकमेल कर रही है और पैसों के कारण उसे फंसाया गया है।

महिला द्वारा महंगी बाइक के लिए पैसे देने के दावे पर भी उन्होंने असहमति जताई। उनका कहना है कि इरफान ने बाइक अपनी कमाई से खरीदी थी। उन्होंने यह भी कहा कि परिवार को कारोबार में हुए नुकसान की जानकारी थी और उन्होंने बेटे की आर्थिक मदद की थी।

फिलहाल पुलिस मामले में दोनों पक्षों के बयानों और दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

About NW-Editor

Check Also

कानपुर में डांडिया नाइट का छाया क्रेज, घंटों इंतजार के बाद स्टेज पर पहुंचे एल्विश यादव; हजारों फैंस ने जमकर किया डांस

कानपुर। शहर के मोतीझील ग्राउंड में रविवार रात आयोजित रंगीलो रास डांडिया नाइट में युवाओं …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *