धाता, फतेहपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को धाता विकासखंड परिसर में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया पूरी की गई।
उद्योग विभाग ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत लोगों को पांच लाख रुपये तक के ब्याजमुक्त ऋण की जानकारी दी और आवेदन फॉर्म उपलब्ध कराए। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना के लिए भी लोगों का पंजीकरण किया गया।
समाज कल्याण विभाग ने 38 विधवा पेंशन, 60 मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और वृद्धावस्था पेंशन के आवेदन भरवाए। पशुपालन विभाग ने 25 लोगों को ऋण, पशुओं के टीकाकरण और बीमारियों से बचाव की जानकारी दी। होम्योपैथिक और आयुर्वेद-यूनानी विभाग ने 115 लोगों को दवाएं वितरित कीं।
सीएचसी धाता की टीम ने 180 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। वहीं 48 लोगों के आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन किए गए। समाज कल्याण विभाग की ओर से 35 दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल वितरित की गईं।
राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने शिविर के सभी काउंटरों का निरीक्षण किया और लाभार्थियों से योजनाओं के बारे में जानकारी ली। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की सीडीपीओ और सुपरवाइजर के अनुपस्थित मिलने पर उन्होंने कार्रवाई की बात कही।
राज्यमंत्री ने लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने उपस्थित लोगों से भाजपा को मजबूत करने का आह्वान भी किया।
News Wani
