मुंबई से सटे ठाणे जिले के बदलापुर में तेज रफ्तार BMW कार का ऐसा खौफनाक हादसा हुआ कि देखने वालों की रूह कांप गई. जन्मदिन की पार्टी मनाकर लौट रहे तीन दोस्तों की लग्जरी कार मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे के निर्माणाधीन हिस्से में डिवाइडर से टकराकर कई बार पलट गई. हादसे में दो युवाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. यह हादसा रविवार तड़के करीब 3 बजे हुआ. पुलिस के मुताबिक, BMW Z4 कार टिटवाला की तरफ से बदलापुर आ रही थी. शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार की रफ्तार करीब 250 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई थी.
इसी दौरान ड्राइवर ने कंट्रोल खो दिया और कार डिवाइडर से टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसका इंजन करीब 30 मीटर दूर जा गिरा. मृतकों की पहचान बदलापुर निवासी 26 वर्षीय योगेश नेगी (उर्फ दिगे) और 24 वर्षीय रेबेका जैकब के रूप में हुई है. योगेश का जन्मदिन था और शनिवार रात तीनों दोस्तों ने पार्टी की थी. पार्टी के बाद वे मुंबई की ओर लौट रहे थे. हादसे में कार मालिक और चालक अंगद गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज कल्याण के एक निजी अस्पताल में चल रहा है. पुलिस को घटनास्थल से जन्मदिन की पार्टी से जुड़ा करीब 9 हजार रुपये का बिल भी मिला है. जांच में यह भी सामने आया है कि हादसे से ठीक पहले कार में सवार लोग सोशल मीडिया पर एक्टिव थे. पुलिस एक वायरल वीडियो की जांच कर रही है, जिसमें BMW की स्पीड 251 किलोमीटर प्रति घंटा दिखाई दे रही है.
आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार के साथ-साथ स्टंट ड्राइविंग या सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाना भी हादसे की वजह हो सकता है. इस हादसे के चश्मदीदों के मुताबिक कार देर रात एक्सप्रेसवे पर कई बार तेज रफ्तार में दौड़ती दिखाई दी थी. एक चश्मदीद ने बताया कि कार दो बार उनके पास से बेहद तेज गति से गुजरी. तीसरी बार जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी. मौके पर पहुंचने पर देखा तो कार पूरी तरह तबाह हो चुकी थी. एक युवती काफी दूर सड़क पर गिरी हुई थी और उसकी हालत बेहद गंभीर थी. एक दूसरे चश्मदीद ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक के सिर में गंभीर चोटें आई थीं और शरीर के अंग कई मीटर दूर तक बिखर गए थे. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस और पुलिस को सूचना दी.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना निर्माणाधीन मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे के उस हिस्से में हुई, जिसे अभी आम यातायात के लिए खोला नहीं गया है. एक्सप्रेसवे पर कई जगह कंक्रीट बैरिकेड्स लगाए गए हैं. आशंका है कि चालक ने किसी बैरिकेड से बचने की कोशिश की, लेकिन अत्यधिक रफ्तार के कारण कार पर नियंत्रण नहीं रख पाया. बदलापुर पुलिस ने फिलहाल आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत जुटाए हैं. पुलिस शराब सेवन, तेज रफ्तार, सोशल मीडिया लाइव और स्टंट ड्राइविंग समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
News Wani
