छिंदवाड़ा: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर टेमनी खुर्द के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. जानकारी के अनुसार मजदूरों से भरी एक पिकअप वाहन की ट्रक से आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसा इतना भीषण था कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए. वाहन में बड़ी संख्या में मजदूर सवार थे. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 5 लोगों की मौत की बात सामने आ रही है. जबकि 20 लोग घायल बताए जा रहे हैं. हादसे पर सीएम मोहन यादव ने दुख जताया है. उन्होंने मृतकों के परिवार को 4-4 लाख रुपए आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है.
मौके पर पहुंचा प्रशासनिक अमला, राहत दल: घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया है. राहत एवं बचाव कार्य जारी है. घायलों को उपचार के लिए नजदीकी और जिला अस्पताल भेजा गया है. सिविल सर्जन सुशील दुबे ने 5 लोगों की मौत की पुष्टि की है. मरने वालों में तीन महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.
ट्रक का टायर फटने से हुआ हादसा: बताया जा रहा है कि, ट्रक बैतूल से छिंदवाड़ा की ओर आ रहा था. वहीं पिकअप वाहन में सवार करीब 26 मजदूर मछेरा गांव से खेतों में काम करने जा रहे थे. अचानक ट्रक का टायर फट गया जिसकी वजह से पिकअप से टक्कर हो गई. पिकअप एक घर के पास जाकर करीब 300 मीटर दूर खेतों में पेड़ों को तोड़ते हुए घुस गया. हादसे में एक व्यक्ति की इतनी बुरी तरीके से मौत हुई है, उसकी बॉडी दो भागों में बंट गई. उसकी पहचान नहीं हो पाई है. मजदूर के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. परिजनों ने बताया कि, हर दिन सुबह पिकअप में बैठकर खेतों में काम करने जाते थे, तब जाकर रोजी-रोटी का जुगाड़ हो पता था. पिकअप में मजदूर के परिजन मृतकों के समान ढूंढते भी नजर आए.
5 लोगों की मौत की पुष्टि: सिविल सर्जन सुशील दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि, ”सड़क हादसे के बाद घायलों को यहां लाया गया था, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है. वहीं एक गंभीर घायल को नागपुर रेफर किया गया है. हादसे में 5 लोगों की मौत हुई है. हमारी 20 डॉक्टरों की टीम घायलों का इलाज कर रही है.”
टक्कर के बाद दूर जा गिरे लोग: सभी मजदूर मछेरा गाँव के बताए जा रहे हैं. टक्कर इतनी भीषण थी की पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए. पिकअप में सवार लोग दूर जा गिरे. घटना स्थल से जो तस्वीरें सामने आई हैं वह विचलित कर देने वाली हैं. सड़क पर खून बिखरा हुआ है. लोगों के शव इधर उधर पड़े हुए नजर आए. शवों को के टुकड़ों को पोटली में रखना पड़ा. ‘हादसे की खबर सुनते ही पांढुर्ना विधायक नीलेश ऊइके मौके पर पहुंचे और हालातों का जायजा लिया. उन्होंने बताया कि, ”छिंदवाड़ा-बैतूल हाईवे पर बड़ा भयंकर हादसा हुआ है. कम से कम 5 लोगों की मौत हुई है और कई लोग घायल हुए हैं. अस्पताल में घायलों का इलाज चल रहा है.”
CM मोहन यादव ने किया 4-4 लाख मुआवजे का ऐलान: हादसे पर सीएम डॉ. मोहन यादव और छिंदवाड़ा के पूर्व सांसद नकुलनाथ ने दुख जताया है. मोहन यादव ने अपने X हैंडल पर ट्वीट करते हुए लिखा कि, ”छिंदवाड़ा-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर टेमनी खुर्द के समीप हुई सड़क दुर्घटना अत्यंत दुखद है. मेरी संवेदनाएं प्रभावित परिजनों के साथ हैं. मृतकों के परिवारजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपये एवं घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं. बाबा महाकाल दिवंगतों को शांति व शोकाकुल परिजनों को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें. घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं.”
नकुलनाथ ने की नेशनल हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था की मांग: छिंदवाड़ा के पूर्व सांसद नकुलनाथ ने अपने X हैंडल पर ट्वीट करते हुए लिखा, ”छिंदवाड़ा-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर टेमनी खुर्द के समीप हुए भीषण सड़क हादसे की खबर अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है. इस दुर्घटना में कई लोगों के असमय निधन तथा अनेक लोगों के घायल होने की सूचना ने पूरे क्षेत्र को शोकाकुल कर दिया है. लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाएं चिंता का विषय हैं. आवश्यकता है कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात सुरक्षा के प्रभावी उपाय सुनिश्चित किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिवारों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति.”