उत्तर प्रदेश: वाराणसी जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां सरकारी नौकरी के लालच में एक पोती ने अपनी ही दादी के हत्या की साजिश रच डाली. पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पोती और उसके पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. घटना जिले के लोहता थाना क्षेत्र की थी. थाना क्षेत्र के गोपालपुर निवासी 56 वर्षीय पानपति देवी चांदपुर स्थित अंतरराष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान (IRRI) में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत हैं. उनके पति सुमिरथ की नौकरी के दौरान मृत्यु हो जाने के बाद उन्हें अनुकंपा नियुक्ति मिली थी. वर्तमान में उनकी सेवा के चार साल शेष हैं.
पोती की थी दादी की नौकरी पर नजर
पुलिस जांच में सामने आया कि पानपति देवी की पोती रवीना की नजर उनकी सरकारी नौकरी पर थी. रवीना को उम्मीद थी कि दादी की मृत्यु होने पर उसे अनुकंपा नियुक्ति मिल सकती है. इसी लालच में उसने अपने पति मोनू कुमार के साथ मिलकर एक खौफनाक साजिश रची. रवीना की शादी उसकी दादी ने ही कराई थी.
खाने में मिला दिया था जहर
बताया जाता है कि 19 जून को रवीना और उसका पति गोपालपुर पहुंचे और खाने-पीने की सामग्री में जहर मिलाकर पानपति देवी को खिला दिया, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और वे अचेत हो गईं. उसके बाद रवीना अपने पति के साथ मौके से फरार हो गई. पानपति देवी को अचेत देख कर आस पड़ोस के लोग उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, जहां कई दिनों तक उनका इलाज चला.
दर्ज कराई शिकायत
स्वस्थ होने के बाद पानपति देवी ने लोहता थाने में अपनी पोती और उसके पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर अपराध स्वीकार कर लिया. लोहता थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय के अनुसार, आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वह अनुकंपा नियुक्ति के उद्देश्य से पानपति देवी को रास्ते से हटाना चाहते थे. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.
News Wani
